सांप के काटने की आशंका पर दवा लेने जा रहे थे युवक
हादसे के बाद कार चालक फरार
बालाघाट। कोतवाली थाना क्षेत्र के समनापुर रोड स्थित ग्राम बड़ी कुम्हारी के गांधी चौक में बीती रात तेज रफ्तार कार ने एक मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मोटरसाइकिल सवार तीन युवक घायल हो गए। दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। इस सड़क हादसे में तीनों घायलों को जिला अस्पताल बालाघाट में भर्ती किया गया है। तीनों घायलअजय नगपुरे पिता सनत नगपुरे 25 वर्ष,मोहित नगपुरे पिता लुभान नगपुरे 16 वर्ष और विजय मसखरे पिता सदन मसखरे 32 वर्ष ग्राम बड़ी कुम्हारी बालाघाट निवासी है। जिनका इलाज जिला अस्पताल बालाघाट में किया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बड़ी कुमारी अजय नगपुरे और विजय नगपुरे एक ही परिवार के हैं और वह अपने परिवार के साथ खेती किसानी के अलावा मजदूरी करते हैं। 9 अक्टूबर की रात अजय नगपुरे अपने गांव की चौक में बैठा था । तभी उसके दाहिने पैर में एक अज्ञात सांप लिपट गया। अजय ने जोर से झटका दिया।जिससे सांप दूर जा गिरा। इसके बाद अजय को आशंका हुई कि सांप ने उसके पैर में काट लिया है। वह घर पहुंचा और परिजनों को घटना की जानकारी दी।इसके बाद रात्रि 11 बजे अजय को दवा दिलाने के लिए मोहित नगपुरे और विजय मसखरे मोटरसाइकिल से ग्राम खैरी ले जा रहे थे। तीनों जैसे ही बड़ी कुम्हारी के गांधी चौक पहुंचे थे।तभी बालाघाट की ओर से तेज रफ्तार में आ रही कार ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।कार की जोरदार टक्कर से मोटरसाइकिल सवार तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े और घायल हो गए। हादसे के बाद कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलने पर सरपंच सावन लिल्हारे तत्काल मौके पर पहुंचे और तीनो घायल को अपनी कार से जिला अस्पताल बालाघाट लाकर भर्ती किये। जहां तीनों का उपचार जारी है।इस दुर्घटना की कोतवाली पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।










































