नवरात्र पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर हुई चर्चा

0

दुर्गा उत्सव समितियों को सीसीटीवी, अग्निशमन यंत्र और स्वयंसेवक तैनात करने के दिये निर्देश

पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। नवरात्र पर्व एवं आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से १० अक्टूबर को वारासिवनी पुलिस थाना परिसर स्थित सभा कक्ष में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। थाना प्रभारी अनूप सिंह उइके की उपस्थिति में हुई बैठक में गणमान्य नागरिकों दुर्गा उत्सव समिति के सदस्यों और डीजे संचालकों से चर्चा कर पर्व के दौरान सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, महिला सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर विचार.विमर्श किया गया। बैठक में पुलिस अधिकारियों ने दुर्गा उत्सव समितियों से उनके आयोजन की रूपरेखा और कार्यक्रमों की जानकारी ली। इस दौरान नवरात्र के दिनों में नगर की व्यवस्थाओं का आकलन करते हुए विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। उपस्थित नागरिकों ने यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने, महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने, असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखने तथा खतरनाक तरीके से वाहन चलाने वालों के विरुद्ध कार्यवाही करने सहित कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। पुलिस अधिकारियों ने सभी सुझावों को सूचीबद्ध कर उन पर विचार करने और आवश्यकतानुसार अमल में लाने का आश्वासन दिया। बैठक में दुर्गा उत्सव समितियों को पंडालों और आसपास के परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए गए। समितियों से डीजे निर्धारित मानकों के अनुरूप कम आवाज में बजाने, पंडाल और परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाने, विद्युत लाइन सुरक्षित तरीके से बिछाने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अग्निशमन यंत्र रखने को कहा गया। इसके साथ ही समितियों को अपने स्तर पर स्वयंसेवक तैयार करने के निर्देश दिए गए, ताकि पंडालों में श्रद्धालुओं की आवाजाही, भीड़ प्रबंधन और अन्य व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित हो सकें। बैठक में उपस्थित नागरिकों ने नवरात्र के दौरान प्रमुख दुर्गा पंडालों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने की मांग भी रखी । जिससे श्रद्धालु सुरक्षित माहौल में दर्शन कर सकें और पर्व के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था ना हो। बैठक का उद्देश्य आपसी समन्वय के साथ नवरात्र एवं आगामी त्योहारों को शांति, सौहार्द और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराना रहा। थाना प्रभारी अनूप उइके ने बताया कि आगामी त्यौहार के संबंध में समिति कार्यकर्ता डीजे संचालक व अन्य गणमान्य लोगों की उपस्थिति में शांति समिति की बैठक रखी गई थी। अभी नवरात्र पत्र पर्व चालू होने वाला है इस बीच बच्चों की परीक्षा भी है तो उन्हें दृष्टिगत रखते हुए हमारे द्वारा बताया है कि डीजे कम आवाज में बजाया जाए, पंडाल में व्यवस्था रखें, लाइट व्यवस्था बेहतर रखें, अग्निशमन व्यवस्था बनाए, सीसीटीवी लगाये, वालंटियर रखें और सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार रात १० बजे तक के डीजे बाजायें। हमें जानकारी मिली कि यहां धूमधाम और व्यापक रूप से कार्यक्रम होते हैं तो यातायात के लिए भी हमने तैयारी की है बाहर से फ ोर्स बुलाई जा रही है। दशहरे का कार्यक्रम में २५ हजार लोग आते हैं तो उस दौरान मार्ग डायवर्ट किया जाएगा। वहीं २५ अक्टूबर को नवदुर्गा उत्सव समिति सिविल क्लब में विनोद राठौड़ का संगीत कार्यक्रम है और २८ को माँ अंजनी पुत्र सेवा दल का कार्यक्रम दोनों को शांतिपूर्ण संपन्न करवाया जाएगा। इस अवसर पर संजयसिंह कछवाहा ,संजय सिंह चंदेल ,मयंक रूसिया ,सौर्य रूसिया सहित अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here