फांसी पर लटका मिला २२ वर्षीय युवक का शव पुलिस ने शुरू की जांच

0

डेकोरेशन का काम करता था युवक, परिजनों की मौजूदगी में हुई पंचनामा कार्यवाही

पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। वारासिवनी थाना क्षेत्र के ग्राम सिकंद्रा के मदनपुर रोड़ स्थित एक कॉम्प्लेक्स में १० अक्टूबर को २२ वर्षीय युवक का शव फांसी पर लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। परिजनों के पहुंचने के बाद उनकी मौजूदगी में आवश्यक पंचनामा कार्यवाही कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल वारासिवनी भेजा गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच प्रारंभ कर दी है।

रोजगार की तलाश में आया था वारासिवनी

प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रभु पिता फूलसिंह मरकाम २२ वर्ष निवासी सोनगुड्डा मुरुम बिरसा रोजगार की तलाश में वारासिवनी आया था। वह पिछले कुछ समय से संजय उइके के पास डेकोरेशन का काम कर रहा था। कुछ दिन पहले वह अपने घर गया था और ५ अक्टूबर को वापस वारासिवनी लौटकर काम में जुट गया था। ९ अक्टूबर की रात ग्राम वारा के शिवधाम मोहल्ले में एक व्यक्ति के घर जन्मदिन कार्यक्रम के लिए डेकोरेशन का ऑर्डर मिला था। काम पूरा करने के बाद प्रभु अपने दो साथी कर्मचारियों सुमित पिता दिनेश करकाडे और आर्यन पिता रोशन बावने के साथ कॉम्प्लेक्स में आकर सो गया। अगले दिन उन्हें दूसरे ऑर्डर पर भी काम करने जाना था। १० अक्टूबर की सुबह डेकोरेशन संचालक सुमित उइके उन्हें उठाने के लिए कॉम्प्लेक्स पहुंचा। शटर खोलकर अंदर देखने पर सामने वाले कमरे में प्रभु का शव फांसी पर लटका मिला जबकि उसके दोनों साथी पीछे के कमरे में सो रहे थे। घटना देखकर सुमित उइके ने शटर बंद किया और आसपास के लोगों को सूचना देने के बाद थाने पहुंचकर पुलिस को जानकारी दी।

परिजनों की मौजूदगी में हुई कार्यवाही

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच की। इसके बाद मृतक के मोबाइल के माध्यम से उसके परिजनों से संपर्क किया गया। परिजनों ने मौके पर पहुंचने के बाद ही कार्रवाई करने का आग्रह किया। पुलिस ने उनके आने तक शव को यथास्थिति में रखा। परिजनों के पहुंचने पर शव को नीचे उतारकर पंचनामा कार्यवाही की गई और पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल वारासिवनी भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर युवक की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।

रात में १ बजे हम सभी काम से वापस लौटे थे- संजय उइके

संजय उइके ने बताया की मैं वार्ड नं.१ ग्राम सिकन्द्रा रहता हूं। डेकोरेशन का काम करता हूं मेरे पास ४ लडके काम करते है। ९ अक्टूबर को शिवधाम मोहल्ला वारासिवनी में जितेन्द्र भलावी के यहा जन्म दिवस के कार्यक्रम में मैने अपना डेकोरेशन लगवाया था जहां पर मंैं तथा प्रभु मरकाम व सुमित करकाड़े सभी लोगो ने रात्री १ बजे तक कार्यक्रम में थे। खाना खाने के बाद हम सभी लोग वापस आ गये मेरा मदनपुर रोड़ पर समान रखने के लिये किराये का कमरा लेकर रखा हूं। जहा पर प्रभु मरकाम व सुमित करकाड़े व आर्यन बावने तीनो रहते है ,प्रभु मरकाम सामने वाले कमरे में सोता था और सुमित करकाडे व आर्यन बावने उससे लगा पीछे का कमरे जिसमें दोनो सोते थे। मैं अपने घर जाकर सो गया था १० अक्टूबर की सुबह करीबन ८ बजे मैं अपने किराये के कमरे में जाकर देखा और दुकान का शटर उठाया तो सामने वाले कमरे में प्रभु मरकाम छत के हुक में रस्सी में फांसी पर लटका हुआ था और सुमित व आर्यन दोनो बाजू वाले कमरे में सो रहे थे मैने दोनो को उठाया और पूछा की प्रभु मरकाम फ ांसी पर कैसे लगा। फिर मेरे द्वारा पड़ोसी सहित पुलिस को सूचना दी गई पुलिस जांच कर रही है।

इनका कहना हैं

थाने में सूचना प्राप्त हुई थी कि किसी युवक ने फांसी लगाई है। मौके पर आकर जानकारी ली गयी मृतक प्रभु मरकाम के परिवार से चर्चा कर उनके आने पर शव नीचे उतारकर पोस्टमार्टम की कार्यवाही कर मर्ग कायम कर जांच में लिया है। मृत्यु का कारण अज्ञात है यह जांच में ही स्पष्ट होगा।

धनेश वल्के सहायक उपनिरीक्षक थाना वारासिवनी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here