बोड़की में पत्नी की हत्या कर पति फरार

0

पुलिस कर रही तलाश

घरेलू विवाद के चलते वारदात की आशंका

घटना के बाद से आरोपी पति लापता

बालाघाट। जिले के रूपझर थाना क्षेत्र अंतर्गत बिठली पुलिस चौकी के ग्राम बोड़की में एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है। 50 वर्षीय शांति बाई पति सोनसिंह भलावी की उसके ही घर की छपरी में हत्या कर दी गई। घटना के बाद से उसका पति सोनसिंह फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच घरेलू बातों को लेकर आए दिन विवाद होता रहता था। इसी विवाद के चलते हत्या की वारदात को अंजाम दिए जाने की आशंका है।

13 अक्टूबर की सुबह खाट पर मिला शव

प्राप्त जानकारी के अनुसार शांति बाई अपने पति सोनसिंह के साथ खेती-किसानी करती थी। दंपती के दो बेटे हैं और दोनों विवाहित हैं। बताया गया है कि एक बेटा बलात्कार के मामले में जेल में बंद है। जबकि दूसरा बेटा मजदूरी करने अपने परिवार के साथ बाहर गया हुआ है। शांति बाई अपने पति के साथ गांव में ही रहती थी।

बताया जाता है कि 12 अक्टूबर की रात पति-पत्नी ने खाना खाया और घर की छपरी में सोने चले गए। उस समय सोनसिंह शराब के नशे में था। 13 अक्टूबर की सुबह पड़ोसियों ने छपरी में खाट के नीचे खून देखा। पास जाकर देखने पर शांति बाई का शव खाट पर पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई।

सिर पर डंडे से वार कर की गई हत्या

घटना की सूचना मिलते ही रूपझर थाना प्रभारी कामेश धुमकेती और बिठली चौकी प्रभारी भगतसिंह कुंजाम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। जिला मुख्यालय से एफएसएल की टीम भी ग्राम बोड़की पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि शांति बाई के सिर पर डंडे से वार किया गया था। इसके अलावा, उसके बाल पकड़कर सिर को खाट के धुरे पर बार-बार पटकने और गला मरोड़ने की बात भी सामने आई है। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया।

हत्या के बाद से पति फरार: पुलिस तलाश में जुटी

पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत अज्ञात आरोपी के विरुद्ध हत्या का अपराध दर्ज किया है। घटना के बाद से मृतका का पति सोनसिंह फरार बताया जा रहा है। पुलिस को आशंका है कि घरेलू विवाद के चलते उसी ने इस वारदात को अंजाम दिया है। फिलहाल पुलिस फरार पति की तलाश कर रही है और मामले की जांच में जुटी हुई है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या के कारणों और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।

शांति बाई की हत्या की गई है: आरोपी की तलाश की जा रही है- थाना प्रभारी कामेश धूमकेती
रूपझर थाना प्रभारी कामेश धुमकेती ने बताया कि 13 अक्टूबर को सुबह 11 से 12 बजे के बीच बिठली चौकी अंतर्गत ग्राम बोड़की में एक महिला का शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की गई। जहां महिला की हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। मृतिका शांति बाई पति सोनसिंह भलावी के चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट के निशान पाए गए थे। घटनास्थल की जांच के लिए बालाघाट से एफएसएल टीम बुलाई गई। जिसने मौके से साक्ष्य जुटाए। एसडीओपी बैहर भी घटनास्थल पर पहुंचे थे। मृतिका के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है। आरोपी की तलाश की जा रही है और उसे शीघ्र गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here