उकवा फुटबॉल महाकुंभ में छत्तीसगढ़ का धमाका, नारायणपुर ने महू को 5-0 से रौंदा

0

असम के रंगिया टाउन क्लब और मॉयल बॉयज उकवा के बीच मुकाबला 1-1 से बराबर,
10 में से 8 टीमें लीग राउंड में बरकरार,2 टीमें प्रतियोगिता से बाहर
फोटो
पदमेश न्यूज़।बालाघाट।मॉयल लिमिटेड उकवा सार्वजनिक दुर्गा उत्सव समिति के तत्वावधान में आयोजित 65वें मॉयल सार्वजनिक दुर्गा महोत्सव के अंतर्गत अखिल भारतीय नॉकआउट कम लीग फुटबॉल प्रतियोगिता में रोमांचक मुकाबलों का दौर जारी है।टूर्नामेंट के तीसरे दिन खेले गए मुकाबलों में आरकेएम नारायणपुर, छत्तीसगढ़ की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नेशनल फुटबॉल क्लब महू, इंदौर को 5-0 गोल से पराजित किया। वहीं, रंगिया टाउन क्लब रंगिया, असम और मॉयल बॉयज उकवा के बीच खेला गया मुकाबला 1-1 गोल की बराबरी पर समाप्त हुआ। दोनों टीमों को एक-एक अंक मिला।बताया गया कि मॉयल ग्राउंड उकवा खान में 11 अक्टूबर से शुरू हुई इस प्रतियोगिता में 6 राज्यों की 10 टीमो ने हिस्सा लिया था।जिसमे से 2 टीमें प्रतियोगिता से बाहर हो चुकी है।जबकी मैदान में 8 टीमो का जलवा बरकरार है।अब हर किसी को 19 अक्टूबर को होने वाले फाइनल मैच का बेसब्री से इंतेजार है।

नारायणपुर का दबदबा, महू की टीम गोल के लिए तरसी
दिन का दूसरा मुकाबला आरकेएम नारायणपुर, छत्तीसगढ़ और नेशनल फुटबॉल क्लब महू, इंदौर के बीच खेला गया। इसमें नारायणपुर की टीम ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए 5 गोल दागे, जबकि महू की टीम कोई गोल नहीं कर सकी। नारायणपुर ने 5-0 की शानदार जीत दर्ज कर अपनी दावेदारी मजबूत की।इससे पहले खेले गए मुकाबले में रंगिया टाउन क्लब रंगिया, असम और मॉयल बॉयज उकवा की टीमें निर्धारित समय तक 1-1 गोल की बराबरी पर रहीं।

8 टीमों के बीच सेमीफाइनल की जंग,19 को होंगा फाईनल
बताया गया कि प्रतियोगिता में पुलिस बॉयज बालाघाट और मॉयल इलेवन फुटबॉल क्लब नागपुर की टीमें नॉकआउट क्वालीफाइंग मुकाबले हारकर प्रतियोगिता से बाहर हो चुकी हैं। अब लीग राउंड में 8 टीमें बची हैं। प्रत्येक टीम को लीग चरण में तीन-तीन मुकाबले खेलने हैं। अंकतालिका के आधार पर प्रत्येक ग्रुप की शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में प्रवेश करेंगी।समिति के कार्यक्रम के अनुसार, 18 अक्टूबर को सेमीफाइनल मुकाबले होंगे जबकि 19 अक्टूबर को प्रतियोगिता का फाइनल मैच आयोजित किया जाएगा। ऐसे में आगामी मुकाबलों के साथ सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए टीमों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिलेगी।

आज मैदान में उतरेंगी चार राज्यों की टीमें
प्रतियोगिता के आगामी मुकाबलों में पहला मैच तमिलनाडु पुलिस, चेन्नई और मॉयल इलेवन एफसी बालाघाट के बीच खेला जाएगा। दूसरे मैच में आरटी बॉयज हैदराबाद और बिल्डअप स्पोर्ट्स फाउंडेशन पन्ना की टीमें आमने-सामने होंगी। इन मुकाबलों के परिणाम लीग राउंड की अंकतालिका और टीमों की आगे की राह के लिहाज से महत्वपूर्ण रहेंगे।बताया गया कि प्रतियोगिता में विजेता टीम को 1 लाख 11 हजार 111 की पुरस्कार राशि के साथ विजेता ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। वहीं, उपविजेता टीम को 55 हजार 555 और रनर-अप ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा। आकर्षक पुरस्कार राशि के चलते प्रतियोगिता में भाग ले रही टीमों के बीच खिताब जीतने को लेकर उत्साह बना हुआ है।

स्कूल के बच्चों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुति
फुटबॉल मुकाबलों के साथ महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। तीसरे दिन रात्रि में स्थानीय स्कूली बच्चों ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन किया। मैच कमिश्नर अंजल सिंह ठाकुर रहे। मुकाबलों में गोविंद परमार (इंदौर), कपिल पंद्रे (उकवा), शाहरुख खान (टीकमगढ़), विकास वडकडे, अंबुज गुप्ता (अनूपपुर), रोहित यादव और तरुण चक्रवर्ती सहित निर्णायकों ने जिम्मेदारी निभाई। टूर्नामेंट संरक्षक उमाकांत भुजाडे,अभिकर्ता एवं महाप्रबंधक के मार्गदर्शन में आयोजित प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में उकवा खान प्रबंधक निषाद निकोसे तथा अंडरग्राउंड खान प्रबंधक जयंता प्रधान उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि विवेक महाकालकर सहित विशाल सालुंखे, संदीप मरकाम और ओमेंद्र बिसेन भी मौजूद रहे।टेक्निकल कमेटी में अजय बडोले, बी. कोटेश्वर राव और आकाश मोडे की भूमिका रही। टूर्नामेंट के सहसचिव विनय टांडी, प्रीतम यादव, राजेश खोबरागड़े, टीपी सहनी, धर्मेंद्र मेश्राम और सूरज यादव सहित विभिन्न समितियों के सदस्यों ने आयोजन व्यवस्था में सहयोग किया।महिला व्यवस्था समिति में सुनीता तिर्की, सरस्वती ब्रम्हे, रेखा बाघ और कु. योगेश्वरी यादव शामिल रहीं। चिकित्सा समिति में डॉ. विजय नरवाडे और डॉ. जयश्री नरवाडे सहित अन्य सदस्यों ने जिम्मेदारी निभाई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here