अचानक हुई बेरिकेडिंग से मचा हड़कंप, जगह-जगह लगा जाम
पैदल राहगीरों के लिए भी रास्ता बंद, दीपावली के सीजन में व्यापारियों और आमजन की बढ़ी मुश्किलें
पूर्व नपा उपाध्यक्ष अनिल सोनी ने जताई नाराजगी
, बोले- दीपावली तक मिलनी थी राहत,
वैकल्पिक मार्गों की हालत भी ठीक नहीं 31 मार्च 2027 तक बंद रहेगा भटेरा मार्ग
फोटो
पदमेश न्यूज़। बालाघाट।भटेरा चौकी रेलवे फाटक पर बुधवार की देर शाम अचानक की गई मजबूत बेरिकेडिंग ने शहर की यातायात व्यवस्था को पूरी तरह से झकझोर दिया। फ्लाईओवर ब्रिज निर्माण के चलते रेलवे फाटक को स्थायी रूप से बंद किए जाने के बाद लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। देखते ही देखते जगह-जगह वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पैदल राहगीरों के लिए भी फाटक पार करने का रास्ता बंद कर दिया गया, जिससे रोजाना इस मार्ग से आवागमन करने वाले लोगों में नाराजगी देखने को मिली। त्योहारों के सीजन में अचानक रास्ता बंद होने से व्यापारियों की भी चिंता बढ़ गई है। लोगों ने प्रशासन से वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।
रेलवे ब्रिज निर्माण के चलते बंद किया गया मार्ग
ज्ञात हो कि, बालाघाट-नैनपुर सड़क मार्ग पर भटेरा रेलवे क्रॉसिंग में रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण कार्य किया जा रहा है। निर्माण के दौरान वाहनों के जाम और दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने 1 नवंबर से आगामी 31 मार्च 2027 तक लगभग 5 महीने के लिए भटेरा मार्ग को बंद करने का आदेश जारी किया था। आदेश के तहत इस मार्ग से गुजरने वाले दोपहिया, चारपहिया और भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।हालांकि, 4 नवंबर को दिनभर रेलवे फाटक से आवागमन जारी रहा। देर शाम अचानक रेलवे द्वारा क्रॉसिंग पर मजबूत बेरिकेडिंग कर दिए जाने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। घर लौटने के दौरान जब लोगों ने फाटक बंद देखा तो दोनों ओर आवागमन करने वालों की भीड़ जमा हो गई। लोगों का कहना था कि यदि फाटक बंद करने की कार्रवाई दिन में ही कर दी जाती तो वे अपने आवागमन की व्यवस्था पहले से कर सकते थे। अचानक रास्ता बंद होने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ी।
त्योहार के सीजन में बढ़ी चिंता
बताया गया कि भटेरा मार्ग केवल आवागमन का प्रमुख रास्ता ही नहीं, बल्कि व्यावसायिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। दीपावली के त्योहार को देखते हुए क्षेत्र के दुकानदारों ने बड़ी मात्रा में त्योहार उपयोगी सामग्री मंगाई है। ऐसे समय में रेलवे फाटक बंद होने से ग्राहकों की आवाजाही और व्यापार प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।वही रहागिरो के साथ साथ स्थानीय लोगो की भी परेशानी बढ़ गई है। अचानक फाटक बंद किए जाने के बाद जिस तरह लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा, उससे वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
जगह-जगह जाम, यातायात व्यवस्था हुई प्रभावित
उधर भटेरा रेलवे फाटक बंद होने के बाद शहर के अन्य मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ने लगा है। वैकल्पिक मार्गों से वाहनों का आवागमन होने के कारण कई स्थानों पर जाम की स्थिति निर्मित हुई। रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ा।सबसे अधिक परेशानी उन लोगों को हुई, जो पैदल फाटक पार कर अपने कामकाज के लिए जाते थे। रेलवे द्वारा बेरिकेडिंग किए जाने के बाद पैदल आवागमन पर भी रोक लग गई है। लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा जरूरी है, लेकिन आमजन की सुविधा के लिए बेहतर वैकल्पिक व्यवस्था भी की जानी चाहिए।
31 मार्च 2027 तक बंद रहेगा मार्ग
जानकारी के अनुसार भटेरा रेलवे ओवरब्रिज निर्माण कार्य के चलते प्रशासन ने 31 मार्च 2027 तक यातायात बंद रखने का निर्णय लिया है।निर्माण कार्य के दौरान दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए वाहनों के आवागमन के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।हालांकि रेलवे ओवर ब्रिज का काम जिस सुस्त गती से चल रहा है।उसे देखते हुए यह मार्ग 31 मार्च के बाद भी शुरू नही होने की बात स्थानीय लोगो द्वारा कही जा रही है।
त्योहार के ठीक पहले रास्ता बंद कर करना ठीक नही, वैकल्पिक मार्ग भी खराब- अनिल सोनी
भटेरा रेलवे फाटक स्थाई रूप से बंद होने से स्थानीय लोगो के साथ साथ अन्य राहगीरों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।आमजन और व्यापारियों की परेशानी बढ़ गई है।
पूर्व नगरपालिका उपाध्यक्ष अनिल सोनी ने भी रेलवे विभाग की इस कार्रवाई पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि दीपावली तक …







































