बालाघाट पुलिस का नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान,
यातायात, कोतवाली और नवेगांव पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर की कार्यवाही
फोटो
पदमेश न्यूज़। बालाघाट।शराब के नशे में वाहन चलाकर खुद की जान जोखिम में डालने और दूसरों की जिंदगी खतरे में डालने वालों के खिलाफ बालाघाट पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से जिला पुलिस द्वारा चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान में शराब पीकर वाहन चलाते हुए मिले 13 चालकों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस ने सभी 13 वाहन चालकों के प्रकरण तैयार कर उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की तैयारी की है। इस कार्रवाई से नशे में वाहन चलाने वालों में हड़कंप की स्थिति है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर चलाया जा रहा अभियान
बताया गया कि पुलिस अधीक्षक मलय जैन के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निहित उपाध्याय के मार्गदर्शन में जिलेभर में यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों की धरपकड़ के लिए विशेष चेकिंग अभियान संचालित किया गया। अभियान में थाना यातायात, थाना कोतवाली एवं थाना नवेगांव की पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर वाहन चालकों की जांच की। इस दौरान शराब का सेवन कर वाहन चलाते पाए गए चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए प्रकरण तैयार किए गए।
तीन थाना क्षेत्रों में हुई कार्रवाई, यातायात पुलिस ने पकड़े सबसे ज्यादा चालक
विशेष चेकिंग अभियान के दौरान जिले के तीन पुलिस थानों की टीमों ने कुल 13 वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की। इसमें थाना यातायात पुलिस ने 5 मोटरसाइकिल चालकों, थाना कोतवाली पुलिस ने 6 वाहन चालकों तथा थाना नवेगांव पुलिस ने 2 वाहन चालकों के विरुद्ध प्रकरण तैयार किए हैं। सभी प्रकरणों को आगामी वैधानिक कार्रवाई के लिए माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।बताया गया कि पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य केवल चालानी कार्रवाई करना नहीं, बल्कि वाहन चालकों को नशे की हालत में वाहन चलाने के गंभीर परिणामों से आगाह करना भी है।
नशे में ड्राइविंग से बिगड़ता संतुलन, हादसों का बढ़ता खतरा
पुलिस के अनुसार शराब का सेवन करने के बाद वाहन चलाना सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों में शामिल है। नशे की स्थिति में चालक की निर्णय लेने की क्षमता कमजोर हो जाती है। प्रतिक्रिया देने की गति धीमी पड़ती है और वाहन पर नियंत्रण बनाए रखना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में अचानक सामने आने वाले खतरे को भांपने और समय रहते ब्रेक लगाने में चूक हो सकती है। इसका परिणाम गंभीर सड़क दुर्घटना के रूप में सामने आ सकता है। नशे में वाहन चलाने वाला व्यक्ति केवल अपनी ही नहीं, बल्कि सड़क पर चलने वाले राहगीरों, अन्य वाहन चालकों और उनके परिवारों की जिंदगी भी खतरे में डालता है।
पुलिस की दो टूक-नशे में वाहन चलाया तो होगी कार्रवाई
बालाघाट पुलिस ने आम नागरिकों से यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने की अपील की है। पुलिस ने दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने और निर्धारित गति सीमा का पालन करने की सलाह दी है। साथ ही स्पष्ट किया है कि शराब का सेवन करने के बाद किसी भी परिस्थिति में वाहन लेकर सड़क पर न निकलें।पुलिस के अनुसार सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, सुरक्षित यातायात व्यवस्था और आम नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जागरूकता अभियान के साथ यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।









































