Fake Degrees: मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले से फर्जी डिग्रियां बेचने वाले गिरोह के सरगना को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार मनीष मांझी फर्जी मार्कशीट और मेडिकल डिग्रियां तैयार करवाता था। सौदा सोशल मीडिया के जरिए होता था।
भोपाल: मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले से एक व्यक्ति ने पूरे देश में 350 से अधिक फर्जी मेडिकल डिग्रियां बेचीं। हर डिग्री के बदले उसने 5 लाख से 8 लाख रुपये तक वसूले गए। राजस्थान स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) ने ग्वालियर के एक निजी अस्पताल से इस रैकेट को चलाने वाले सरगना मनीष मांझी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी से एक ऐसे नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ, जो अयोग्य लोगों को डॉक्टर बनाने में मदद करता था।
जांच के दौरान खुलासा हुआ कि यह गिरोह 12वीं कक्षा के सर्टिफिकेट से लेकर MBBS और MD तक की फर्जी डिग्रियां बेचता था। मनीष मांझी कथित तौर पर फर्जी मार्कशीट और मेडिकल डिग्रियां तैयार करवाता था। जबकि एक अन्य आरोपी खुर्शीद तौफीक इन दस्तावेजों को यूनिवर्सिटी की वेबसाइटों पर अपलोड कर देता था ताकि वे असली लगें।
11वीं तक पढ़ने वाले के पास MBBS की डिग्री
सूत्रों के अनुसार, अब तक की जांच में सबसे चौंकाने वाला मामला राजस्थान के दौसा निवासी रामकिशोर महावर का सामने आया है। केवल 11वीं कक्षा तक पढ़ाई करने के बावजूद, उसने इस नेटवर्क के जरिए MBBS, MD और DMRD की फर्जी डिग्रियां हासिल कर लीं। इन दस्तावेजों का इस्तेमाल करके उसने दिल्ली मेडिकल काउंसिल में अपना रजिस्ट्रेशन कराया और दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में जूनियर रेजिडेंट के तौर पर काम किया। इससे पहले वह सर गंगा राम अस्पताल में वार्ड बॉय के रूप में काम कर चुका था।
कई राज्यों में फैला था नेटवर्क
यह नेटवर्क कथित तौर पर मध्य प्रदेश, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और दिल्ली में फैला हुआ था। सूत्रों के मुताबिक, यह गिरोह ग्राहकों को खोजने और फंसाने के लिए सोशल मीडिया पर ‘मेडिकल एजुकेशन’ नाम से विज्ञापन देता था। सौदेबाजी व्हाट्सएप के जरिए होती थी। गिरोह के सदस्य अपनी पहचान छिपाने और पकड़े जाने से बचने के लिए फायरवॉल का इस्तेमाल करते थे।
गिरफ्तार किए गए संदिग्धों की इस रैकेट में अलग-अलग भूमिकाएं थीं। पश्चिम बंगाल के सत्यजीत पाणिग्रही सोशल मीडिया के जरिए ग्राहक लाता था। मनीष मांझी फर्जी मार्कशीट और डिग्रियां तैयार करवाता था, जबकि तौफीक उन्हें यूनिवर्सिटी की वेबसाइटों पर अपलोड करता था। महावर इन फर्जी डिग्रियों का इस्तेमाल खुद को डॉक्टर बताने के लिए करता था और साथ ही अन्य लोगों को भी इस नेटवर्क से जोड़ने में मदद करता था।










































