मन की बात का 140वां एपिसोड: नशा मुक्ति से लेकर डिजिटल सुरक्षा तक, PM मोदी ने अपने संबोधन में इन चीजों का किया जिक्र

0

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ के 140वें एपिसोड में नशा मुक्ति से लेकर डिजिटल सुरक्षा तक, हर एक विषय पर खुलकर बात की और बिहार म्यूजियम की उपलब्धि पर भी अपनी बात रखी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 140वें एपिसोड के जरिए देश को संबोधित कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने नशा मुक्ति और युवाओं को नशे से दूर रखने के प्रयासों पर बात की। PM मोदी ने कहा कि ‘नशा मुक्त युवा अभियान’ तेजी से आगे बढ़ रहा है और कई युवा अपनी इच्छाशक्ति से नशे की लत को हरा रहे हैं। उन्होंने ऐसे युवाओं के प्रेरक उदाहरणों का जिक्र किया, जिन्होंने मुश्किलों से लड़कर अपने जीवन को नई दिशा दी है।

PM मोदी ने की सरकारी कर्मचारियों के सीखने के जज्बे की तारीफ

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ के 140वें एपिसोड में सरकारी कर्मचारियों के नए कौशल सीखने के प्रयासों की तारीफ की। उन्होंने कहा कि सीखने की कोई उम्र नहीं होती और नई चीजें सीखने से अलग खुशी मिलती है। PM मोदी ने बताया कि कई सरकारी कर्मचारी 20-25 साल से सेवा दे रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद वे नई चीजें सीखने के लिए समय निकाल रहे हैं। इसके लिए वे ‘iGOT कर्मयोगी’ डिजिटल प्लेटफॉर्म की मदद ले रहे हैं। इस प्लेटफॉर्म पर 17 भाषाओं में 7,000 से ज्यादा कोर्स उपलब्ध हैं। कर्मचारी यहां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और इंडियन साइन लैंग्वेज जैसी चीजें सीख रहे हैं।

PM मोदी ने बताया खोया मोबाइल कैसे मिलेगा वापस

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ के 140वें एपिसोड में खोए हुए मोबाइल फोन को लेकर अहम जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आज मोबाइल में हमारे जरूरी फोन नंबर, फोटो और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज मौजूद होते हैं। ऐसे में फोन खो जाने पर काफी परेशानी होती है। लेकिन अब खोया हुआ मोबाइल वापस पाना पहले से आसान हो गया है। PM मोदी ने बताया कि भारत सरकार का ‘संचार साथी’ प्लेटफॉर्म इसमें लोगों की मदद कर सकता है। उन्होंने कहा कि संचार साथी पोर्टल पर अब तक 30 करोड़ से ज्यादा विजिट हो चुके हैं और इसका ऐप करीब 3 करोड़ बार डाउनलोड किया जा चुका है।

“‘संचार साथी’ ऐप से साइबर क्राइम रोकने में मिली है मदद”

‘मन की बात’ के 140वें एपिसोड में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “‘संचार साथी’ पोर्टल से बैंकों, पेमेंट ऐप्स, टेलीकॉम कंपनियों और पुलिस के अलावा 1,600 से अधिक संस्थाएं जुड़ी हुई हैं। इससे साइबर धोखाधड़ी की कोशिशों को समय रहते रोकने में मदद मिली है। इस सिस्टम की मदद से अब तक 5,000 करोड़ रुपये से अधिक के संभावित नुकसान को रोका जा चुका है। यह ऐप 23 भाषाओं में उपलब्ध है और इसका इस्तेमाल करना बहुत आसान है।”

मोदी ने पटना म्यूजियम की खूब तारीफ की

‘मन की बात’ के 140वें एपिसोड में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “जब भी हम किसी नई जगह पर जाते हैं, तो हमारी इच्छा होती है कि वहां की मशहूर जगहों को देखें और वहां के स्थानीय व्यंजनों का आनंद लें। मैं आपसे आग्रह करूंगा कि जब भी आप किसी जगह पर जाएं, तो वहां के संग्रहालयों (म्यूजियम) के बारे में जरूर जानें। हाल ही में, भारत के संग्रहालयों से जुड़ी एक बहुत ही उत्साहजनक खबर सामने आई है। पटना स्थित ‘बिहार संग्रहालय’ को दुनिया के 100 बेहतरीन संग्रहालयों में 9वां स्थान मिला है। इस सूची में, ‘बिहार संग्रहालय’ पूरे एशिया में पहले स्थान पर है। आपने पेरिस के ‘लूव्र संग्रहालय’ के बारे में तो सुना ही होगा। न्यूयॉर्क का ‘द मेट’ संग्रहालय भी दुनिया भर में मशहूर है। इस सूची में ‘बिहार संग्रहालय’ इन दोनों से भी आगे है।”

गुजरात के वडनगर के अनोखे म्यूजियम का किया जिक्र

पीएम मोदी ने गुजरात के वडनगर में बने ‘अनंत अनादि वडनगर पुरातत्व संग्रहालय’ के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि वडनगर में खुदाई के दौरान इतिहास के अलग-अलग दौर से जुड़ी कई चीजें मिली थीं। जिस जगह पर ये खुदाई हुई थी, उसी स्थान पर यह संग्रहालय बनाया गया है। यहां एक खास रास्ता भी तैयार किया गया है, जहां लोग जमीन के कई मीटर नीचे हुई खुदाई को देख सकते हैं।

वेनिस आर्ट बिएनाले में भारत की तारीफ

प्रधानमंत्री ने इटली में आयोजित होने वाली प्रतिष्ठित ‘वेनिस आर्ट बिएनाले’ का भी जिक्र किया। उन्होंने इसे कला जगत का ओलंपिक बताया। पीएम मोदी के मुताबिक, इस बार भारत के पवेलियन को देखने करीब 4.5 लाख लोग पहुंचे। दुनिया भर के दर्शकों ने भारत के पवेलियन को सबसे अच्छा चुना। उन्होंने बताया कि दिसंबर के पहले सप्ताह में दिल्ली में ‘इंडिया बिएनाले’ की शुरुआत होगी। यह आयोजन 108 दिनों तक चलेगा। इसमें देश के ऐतिहासिक स्मारक, संग्रहालय और आर्ट गैलरी शामिल होंगे। पीएम मोदी ने लोगों से अपील की कि वे अपने बच्चों को भी इस आयोजन में लेकर जाएं।

दुनिया तक पहुंच रहा भारत का गुड़ और चॉकलेट

मन की बात में पीएम मोदी ने भारतीय स्वाद और खाद्य उत्पादों की बढ़ती पहचान पर भी चर्चा की। उन्होंने बताया कि तमिलनाडु के इरोड का ऑर्गेनिक पामायरा गुड़ पहली बार यूरोप पहुंचा है। उन्होंने कहा कि गुड़ सदियों से भारतीय घरों का हिस्सा रहा है और अब इसकी पहचान विदेशों में भी बन रही है। इसके साथ ही उन्होंने देश में चॉकलेट बनाने के क्षेत्र में हो रहे नए प्रयोगों की तारीफ की। पीएम मोदी ने बताया कि कई स्टार्टअप स्थानीय चीजों से नए स्वाद वाली चॉकलेट बना रहे हैं। इससे किसानों, महिलाओं और युवा उद्यमियों के लिए नए अवसर तैयार हो रहे हैं। गुजरात के कच्छ में ऊंटनी के दूध से बनने वाली चॉकलेट का भी उन्होंने जिक्र किया। उन्होंने बताया कि अमूल स्थानीय पशुपालकों से ऊंटनी का दूध लेकर चॉकलेट, केसर फ्लेवर वाला दूध और राजभोग आइसक्रीम जैसे उत्पाद बना रहा है। वहीं, सूरत का श्मिटेन चॉकलेट ब्रांड भी दुनिया में अपनी अलग पहचान बना रहा है।

फिट इंडिया और भारतीय खिलाड़ियों की उपलब्धियों की तारीफ

पीएम मोदी ने फिट इंडिया के ‘संडेज ऑन साइकिल’ अभियान के 100 संस्करण पूरे होने पर खुशी जताई। उन्होंने बताया कि दिसंबर 2024 से शुरू हुए इस अभियान में अब तक करीब 37 लाख लोग जुड़ चुके हैं और यह 30 हजार से ज्यादा स्थानों तक पहुंच चुका है। उन्होंने यह भी बताया कि पुणे में साल 2032 में UCI रोड वर्ल्ड चैंपियनशिप आयोजित होगी। खेलों की बात करते हुए पीएम मोदी ने भारतीय फुटबॉल टीम की तारीफ की, जिसने इस साल रिकॉर्ड 10वीं बार SAFF चैंपियनशिप जीती। उन्होंने बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन और पीवी सिंधु की उपलब्धियों का भी जिक्र किया। इसके अलावा उन्होंने बताया कि 8वें खेलो इंडिया यूथ गेम्स का आयोजन 11 से 22 दिसंबर तक तेलंगाना के छह शहरों में होगा।

कनाडा के फूड बैंक की भी की सराहना

प्रधानमंत्री ने कनाडा में चल रहे ‘साई धाम फूड बैंक’ की तारीफ की। इसका उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक भोजन पहुंचाना है। पीएम मोदी के अनुसार, ग्रेटर टोरंटो और हैमिल्टन क्षेत्र में इस पहल से हर महीने करीब 60 हजार लोगों को मदद मिलती है। बुजुर्गों और दिव्यांग लोगों तक भी भोजन पहुंचाया जाता है। उन्होंने कनाडा में रेड एफएम से जुड़े कुलविंदर संधेरा के प्रयासों का भी जिक्र किया, जो कम्युनिटी रेडियो के जरिए लोगों को जोड़कर सेवा के काम कर रहे हैं।

सोभा सिंह और बीएन राव को किया याद

मन की बात के दौरान पीएम मोदी ने महान चित्रकार सोभा सिंह को भी याद किया। उन्होंने बताया कि 29 नवंबर को उनकी 125वीं जयंती है। सोभा सिंह ने सिख गुरुओं के कई प्रसिद्ध चित्र बनाए थे। उन्होंने अपने जीवन के कुछ समय तक सेना में ड्राफ्ट्समैन के रूप में भी काम किया था और बगदाद में सेवाएं दी थीं। इसके अलावा प्रधानमंत्री ने संविधान निर्माण में अहम भूमिका निभाने वाले बीएन राव को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि 30 नवंबर को उनकी पुण्यतिथि है और संविधान निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान को देश हमेशा याद रखेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here