केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार खटीक बोले, केंद्र में 27 ओबीसी मंत्री बनाए गए

0

भोपाल में जन आशीर्वाद यात्रा शुरू करने से पहले केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार खटीक ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि केंद्र सरकार में 27 ओबीसी मंत्री बनाए गए हैं। सभी वर्गों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रतिनिधित्व दिया है। लोकसभा के मानसून सत्र में विपक्ष ने गैर जिम्मेदाराना आचरण करते हुए एक भी दिन सदन नहीं चलने दिया। नए मंत्रियों को दायित्व मिलने के बाद प्रधानमंत्री लोकसभा और राज्यसभा में उनका परिचय कराते हैं, विपक्ष ने इस परंपरा को भी रोका। जब संसद में मंत्रियों से परिचय का काम नहीं करने दिया गया तो इन मंत्रियों को जनता के बीच भेजने का फैसला लिया गया। सभी नए मंत्री अपने-अपने राज्यों में जन आशीर्वाद यात्रा के जरिए लोगों के बीच में जाकर लोकसभा विधानसभा को ना चलने देने की हकीकत बता रहे हैं।

केंद्रीय मंत्री खटीक ने कहा कि मराठा आरक्षण को लेकर महाराष्ट्र सरकार के फैसले को सुप्रीम कोर्ट ने रद्द किया। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की याचिका को भी सुप्रीम कोर्ट ने खारिज किया। ओबीसी आरक्षण के लिए राज्यों को शक्ति बहाल करने की तैयारी विधेयक के जरिए की गई। मंडल कमीशन की सिफारिशों को कांग्रेस ने कभी लागू नहीं करने दिया। ओबीसी आयोग को संवैधानिक दर्जा देने का काम कांग्रेस ने नहीं भाजपा ने किया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष अपने दायित्वों से हटकर केवल शोर शराबे को अपनी जिम्मेदारी मान बैठा है।

वीरेंद्र कुमार खटीक ने कहा कि 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका दिवस मनाने का फैसला जन भावनाओं से जुड़ा हुआ। मोदी सरकार के काम आम जनता के सामने हैं, केंद्र की योजनाओं ने जनता के दिलों में घर बना लिया है। उत्तर प्रदेश चुनाव से पहले ही सपा के एक संसद ने उज्ज्वला योजना को गेम चेंजर बता दिया था, राजनीति बदलने वाली योजना। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि 100 लाख करोड़ की नई योजना बनाई जा रही हैं, इससे आधारभूत और बुनियादी सुविधाओं में आएगा बहुत बड़ा बदलाव होगा। कोविड-19 और उसके बाद जनता के लिए नई योजना बनाई गई। कोविड वैक्सीनेशन को जल्द से जल्द शुरू करना भी केंद्र की कामयाबी है। वैक्सीन के लिए देश को दूसरे देशों की तरफ नहीं देखना पड़ा। अब तक देश में 55 करेाड़ से ज्यादा लोगों का वैक्सीनेशन हो चुका है।

वीरेंद्र कुमार ख‍टीक ने कहा कि 70 रूट पर किसान एक्सप्रेस के जरिए गांव के किसानों के उत्पाद बड़े उत्पाद पहुंच रहे हैं। हथियारों को लेकर विदेशों पर निर्भरता खत्म हुई है। आजादी की सौवीं वर्षगांठ तक देश ऊर्जा के क्षेत्र में भी आत्मनिर्भर हो जाएगा। ई-कॉमर्स प्लेटफार्म की व्यवस्था की जा रही है। इसके जरिए महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों को नया बाजार मिलेगा। मुद्रा योजना के जरिए 68% लोन केवल महिलाओं को दिए गए। 2047 में जो भी प्रधानमंत्री रहेगा, उसकी सफलताओं की नींव नरेंद्र मोदी सरकार की रखी होगी।

देश में बढ़ती महंगाई को लेकर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इसको लेकर सरकार सजग है, कई प्रतिबंध लगाए गए हैं और आयात भी रोका गया है। कठिनाई से निकलने के रास्ते बनाए जा रहे हैं। रोजगार की दिशा में स्टार्टअप बनाए जाएंगे। छतरपुर में हीरा खदान के लिए बक्सवाहा जंगल काटने के मामले में उन्होंने कहा कि इस मामले में समीक्षा चल रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here