एमपी नगर स्थित रणथंभोर कॉम्प्लेक्स में शनिवार को पति के जीवन पर संकट का डर दिखाकर एक जालसाज महिला एक व्यवसायी की पत्नी से उनके जेवर पूजा पाठ के बहाने गायब करके ले गई थी। जालसाज महिला उनके घर सात सुहागिनों से चंदा लेने के बहाने पहुंची थी। महिला कॉम्प्लेक्स में लगे सीसीटीवी कैमरे में महिला दिखी है। पुलिस उस महिला की पहचान में जुट गई है। पीडिता ने रविवार को महिला थाने पहुंची और ठगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
एमपी नगर पुलिस के मुताबिक रणथंभोर कॉम्प्लेक्स निवासी 50 वर्षीय पूनम आहुजा गृहिणी हैं। उनके पति व्यवसायी हैं। पूनम ने पुलिस को बताया कि शनिवार की दोपहर करीब दो बजे एक महिला उनके घर पहुंची। उसका कहना है था कि देवी ने कहा है कि वह सात सुहागिनों से चंदा करे। इस पर पूनम ने उसे 551 रुपये चंदा दे दिया। जैसे ही उन्होंने चंदा दिया वैसे ही जालसाज महिला ने उनके कान में बोला कि उनके पति पर संकट है, वह पूजा पाठ करके उसे दूर कर सकती है। जालसाज की बातों में आकर पूनम ने उसे आटा और एक स्टील का डिब्बा दे दिया। ठग महिला ने पूनम से उनकी सोने की चेन, अंगूठी और कान के टॉप्स ले लिए और उसे आटे में लपेट कर डिब्बे में रख दिया। इस बीच उस महिला ने हाथ की सफाई दिखाते हुए जेवर गायब कर दिए थे। ठग महिला जब पूजा पाठ की बात कर रही थी तब पूनम के घर कामकाज करने वाली दो महिलाओं ने उन्हें इशारे से मना भी किया था कि वह महिला की बातों में नहीं आएं। महिला के जाने 10 मिनट बाद जब पूनम ने डिब्बा खोला तो उसमें केवल आटा था। जेवर गायब थे। उन्होंने तुरंत महिला की तलाश की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। बाद में पूनम थाने पहुंची और ठगी की शिकायत की। पुलिस ने घटना के बाद मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी देखे , जहां महिला उसमें नजर आ रही है। उसमें उसका चेहरा साफ नहीं दिख रहा है।