कांग्रेस का वोटबैंक सिकुड़ गया, इससे बेचैन हैं उसके नेता- मंत्री भूपेंद्र सिंह

0

भोपाल(राज्य ब्यूरो)। कांग्रेस ने जनजातीय समाज को सिर्फ वोट बैंक की तरह इस्तेमाल किया। देश में करीब 60 साल कांग्रेस की सरकार रही, तब उसने बिरसा मुंडा की जन्मतिथि पर राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम क्यों नहीं किए? ये सवाल नगरीय विकास एवं आवास और भोपाल जिले के प्रभारी मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने उठाए। वे मंगलवार को मीडिया से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश की 28 सीटों पर हुए उपचुनाव में सभी आदिवासी सीटों पर भाजपा विजयी रही। हाल ही में चार सीटों के उपचुनाव में भी बड़ी संख्या में आदिवासी वोट भाजपा को मिला है। कांग्रेस का वोट बैंक सिकुड़ गया है। इससे विपक्ष के नेताओं में घबराहट और बेचैनी है।

भोपाल में जनजातीय गौरव दिवस महासम्मेलन करने पर कांग्रेस ने सवाल खड़े किए थे। मंत्री भूपेन्द्र सिंह इन्हीं के जबाव दे रहे थे। उन्होंने कांग्रेस के सवालों पर सवाल उठाते हुए कहा कि गौरव दिवस कार्यक्रम में जनजातीय समाज को आमंत्रित करना गलत है? क्या कांग्रेस को कल्याणकारी योजनाएं समाज तक पहुंचने पर आपत्ति है?

कांग्रेस ने बिरसा मुंडा की जन्मतिथि व रेलवे स्टेशन का नाम रानी कमलापति करने पर सवाल उठाकर जनजातीय समाज का अपमान किया है। भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि कमल नाथ आदिवासी सीट छिंदवाड़ा से सांसद रहे हैं। उन्होंने जनजातीय गौरव के लिए राजा शंकर शाह के नाम पर तब क्यों छिंदवाड़ा विश्वविद्यालय का नामकरण नहीं किया? ये काम भाजपा की सरकार ने किया है। अब जनजातीय समाज में जागरुकता आई है। वह भाजपा के साथ है।

हमें दिग्विजय के प्रमाण पत्र की जरूरत नहीं

राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ को लेकर राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह की टिप्पणी पर मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कहा कि हमें दिग्विजय सिंह से किसी प्रमाण पत्र की आवश्यकता नहीं है। ये प्रमाण पत्र जनता देती है। संघ के त्याग और परिश्रम के बारे में दिग्विजय सिंह सपने में भी नहीं सोच सकते हैं। इस त्याग के सामने दिग्विजय सिंह बहुत छोटे हैं।

सफाई कर्मियों का किया धन्यवाद

जनजातीय गौरव दिवस महासम्मेलन के बाद महज दो घंटे में जम्बूरी मैदान की सफाई पर मंत्री ने सफाईकर्मियों का धन्यवाद किया है। उन्होंने कहा कि यह सफाई मित्रों का अनुकरणीय काम है। स्वच्छता मिशन में हमारा राज्य देश में पहले नंबर पर है। मुझे पूरा विश्वास है कि इस साल भी मध्य प्रदेश स्वच्छता मिशन में देश में पहले स्थान पर ही रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here