आफत की बारिश ने ग्राम पंचायत कासपुर पर अपना ऐसा कहर ढ़ाया कि दो मकान जहां धाराशायी हो गये वही एक मकान की दीवार ढ़ह गई। बीते दिवस हुई मूसलाधार बारिश ने कच्चे मकानों को अपना निशाना बनाया जिससे इसमें रहने वाले लोगों ने जैसे तैसे पहले अपने आपकों बचाया फिर घर गृहस्थी का सामान निकालकर अन्य लोगों के मकान में शरण ली। १७ – १८ जुलाई की दरम्यिानी रात्रि में हुई इस बारिश की वजह से ग्राम पंचायत कासपुर के आमाटोला निवासी तुलाराम धुर्वे के मकान की एक तरफ की दीवार ढ़ह गई वही इसी ग्राम के केलकर पटले का मकान धाराशायी हो गया वही इसी पंचायत अंर्तगत आने वाले माता टोला निवासी अभिनंदन कुमरे का मकान भी बारिश की मार को झेल नही पाया और जमीदोज हो गया। हालांकि सभी पीडि़तों ने इस मामलें की जानकारी कोटवार के माध्यम से पटवारी को दे दी है जिन्होने मौके पर पहुॅचकर वास्तु स्थिति का जायजा लिया है लेकिन फिलहाल किसी तरह का कोई प्रकरण नही बनाया है।
१० से १५ हजार का घर गृहस्थी का सामान दबा
इस संबंध में पद्मेश को जानकारी देते हुये केलकर पटले ने बताया कि दो दिन पूर्व हुई बारिश के चलते उनका पूरा मकान गिर गया है। जिसकी वजह से उन्हे काफी नुकसान का सामना करना पड़ा है। हालांकि बारिश होने की वजह से उन्होने अपने घर के सामने बने मकान में शरण ली। लेकिन अधिकांशता घर गृहस्थी का सामान मकान की दीवारें गिरने से दब गया है। जिसमें दो से तीन बोरी चॉवल, दो बोरी गेहूॅ, दाल व बर्तन सहित अन्य सामान है। इस अतिवृष्टि की चपेट में आने से करीब उन्हे १० से १५ हजार रूपये के सामान की नुकसानी व मकान गिरने से ५० हजार रूपये की क्षति हुई है। उन्होने कोटवार की सहायता से इस बाबाद सूचना पटवारी को दे दी है। पटवारी मौके पर भी आये थे लेकिन वे खेती कार्य में होने के कारण उनसे मिल नही सके।
दीवार गिरने से हुआ काफी नुकसान
इसी तरह तुलाराम धुर्वे आमाटोला निवासी ने बताया कि उनका मकान फिलहाल कच्चा है। जब बारिश का दौर लगातार जारी था तभी उन्हे इस बात का अहसास हो गया था कि उनके मकान की दीवार गिर जायेगी। ऐसे में उन्होने घर गृहस्थी का सामान बाहर निकालकर पड़ोसी के घर में रखना प्रारंभ कर दिया। देर रात्रि में उनके मकान में जिस जगह रसोई है उस तरफ की दीवार गिर गई। जिसमें घर गृहस्थी का काफी सामान दब गया है। जिससे उन्हे ६-७ हजार रूपये की आर्थिक क्षति पहुॅची है।
रसोई घर सहित दो कमरे आये बारिश की जद में
वही अभिनंदन धुर्वे माताटोला निवासी ने बताया कि बारिश से उनके मकान का पिछला हिस्सा जिसमें रसोई घर बना हुआ था। साथ ही दो कमरे भी थे पानी के कारण गिर गये है। इसकी सूचना हमारे द्वारा पटवारी को दे दी गई है। फिलहाल वे सामने जो मकान उनके भाई का है उस घर में निवास कर रहे है। मकान गिरने से उनका करीब १० से १२ हजार रूपये का गृहस्थी का सामान दब गया है। हमारे द्वारा पटवारी को इस बात की जानकारी दे दी गई है लेकिन पटवारी ने मौके का निरीक्षण नही किया है।









































