डबल मनी या सत्ता की चाबी..?

0

(उमेश बागरेचा)

डबल मनी मामले के प्रमुख आरोपी सोमेंद्र कंकराने को आज उनके साथियों सहित न्यायालय के जमानती आदेश के बाद रिहा कर दिया गया। सोमेंद्र की गिरफ्तारी और रिहाई दोनों मौकों पर जिले में जो माहौल बना वह उसे वीवीआईपी बना गया। आज उनकी रिहाई के दौरान भी जो पुलिस प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था थी वह ऐसी थी जैसे या तो कोई बहुत बड़ी सेलीब्रिटी की या कोई बड़े राज नेता की रिहाई हो रही हो। जेल के सामने की रोड काली पुतली से जयस्तंभ चौक को बेरीकेट्स लगाकर सुबह से शाम तक ब्लॉक करके रखा गया, भारी पुलिस बंदोबस्त शहर में लगा रहा। शहर में माहौल ऐसा कि जैसे कोई बहुत बड़ा सेलिब्रिटी आज लोगों को दिखाई देगा। सोमेंद्र के समर्थकों के साथ-साथ शहर के लोगों ने भी बढ़-चढक़र उसका अभिवादन किया। सोमेंद्र ने भी बकायदा एक सेलिब्रिटी की तरह हाथों को हवा में लहराते हुए अभिवादन का जवाब अभिवादन से दिया। इस दौरान मीडिया कर्मियों ने भी काफी उत्साहित होकर चलती कार से जाते हुए सोमेंद्र की ओर मुखातिब होते हुए प्रश्नों की बौछार करने लगे, जवाब में सोमेंद्र ने विक्ट्री साइन देते हुए अपनी रिहाई को सत्य की जीत बताया। आगामी विधान सभा चुनाव लडऩे की बात के जवाब में अभी ऐसा कोई इरादा नहीं  है कहा। लोगों द्वारा जो पैसे दुगने करने लगाए थे उनकी वापसी की बात पर सोमेंद्र के करीबी रिश्तेदार ने कहा 5 तारीख के बाद? रिहाई के बाद सोमेंद्र अपनी कार में अपने गृह ग्राम बोलेगांव की ओर रवाना हो गए। मिली जानकारी के अनुसार मुख्यालय बालाघाट से 50 कि मी दूर बोलेगांव तक रास्ते भर में उनका अच्छा खासा समर्थकों द्वारा स्वागत किया गया। इस दौरान सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस व्यवस्था रास्ते भर लगी रही। इसी तरह आज से लगभग ढाई माह पूर्व जब उनकी गिरफ्तारी हुई थी तब भी उनके समर्थकों की भारी भीड़ ने उनकी गिरफ्तारी का विरोध किया था, जिसमें भारी भरकम व्यवस्था के बाद भी पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी थी। सोमेंद्र को लोग आगामी 2023 के लिए अभी से विधान सभा का प्रत्याशी बता रहे हैं। सोमेंद्र के बारे में बताया जाता कि अमेरिका से एमबीए की पढ़ाई कर वे लौटे है तथा उन्हें काफी धनाढ्य माना जाता है, उन्हें लोग अंबानी के नाम से भी नवाजने लगे है। जयमाता दी नाम से उनकी रियल स्टेट कंपनी है। बोलेगांव में विशाल आलीशान नवनिर्मित बंगला है जो 50 कमरे का होना बताया जाता है। बेहिसाब जमीन जायजाद बालाघाट सहित देश के अन्य स्थानों में होना बताई जा रही है। जिले में काफी समय पूर्व से डबल मनी करने का धंधा चल रहा है, विशेष तौर पर लांजी क्षेत्र में ही अधिक है, मगर सुर्खियों में अभी 1 वर्ष के अंदर ही आया है जिसमे हजारों लोगों का कई करोड़ रुपया लगा हुआ है। डबल मनी मिलने के चक्कर में लांजी, किरनापुर के क्षेत्र के लोगों ने पैसा लगाया ही है ,बालाघाट शहर के भी हजारों लोगों ने पैसा लगाया है, जिनमे आम लोगों सहित व्यापारी वर्ग, शासकीय कर्मी, मीडिया कर्मी, पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। काफी तादाद में लोगों को डबल होकर पैसा भी मिल चुका है, जिसके चलते पैसा लगाने की प्रवृति और बढ़ती गई, लोगों की संख्या के साथ राशि भी बढ़ती गई। जिन लोगों ने पहले पैसा लगाकर डबल ले लिया वे तो मजे में है लेकिन जिन्होंने बाद में पैसा लगाया वे अब पैसा वापसी की आस में हैं। जिन्हे पैसा लेना है वे सोमेंद्र के समर्थक हो गए क्योंकि जेल से उनके छूटने पर ही पैसों की वापसी की आस है, और उम्मीद है कि एक बार फिर डबल मनी का कारोबार चालू हो जायेगा, और अब उसके लिए शक्तिमान होना आवश्यक। आज की तारीख में शक्तिमान सत्ता से बना जाता है और सत्ता का द्वार विधान सभा से होकर गुजरता है तो बस पुलिसिया कार्यवाही के बाद सेलिब्रिटी सा दृश्य तो सामने आ भी गया है। राजनैतिक हल्कों में भी उन्हें लांजी क्षेत्र से विधान सभा के संभावित दावेदार के रूप में देखा जाने लगा है। उनकी गिरफ्तारी के पूर्व लांजी मुख्यालय में कई दिनों तक चलने वाला एक विशाल कार्यक्रम हुआ था जिसमे मुंबई से सेलिब्रिटी भी आई थी, इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भी शामिल हुए थे जिनके साथ सोमेन्द्र ने मंच भी साझा किया था। चर्चाओं के अनुसार इस कार्यक्रम का अधिकांश आर्थिक भार सोमेंद्र ने ही वहन किया था। तब से माना जा रहा है कि चूंकि भाजपा के पास हीना कावरे को चुनौती दे सके ऐसा कोई फिलहाल नेता नहीं है इसलिए सोमेंद्र को भाजपा अपना उम्मीदवार बना सकती है, लेकिन यह बात अभी तो हवा हवाई ही है ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here