Nvidia Salary : आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के तेजी से बढ़ते बाजार ने चिप निर्माता कंपनी Nvidia को नई ऊंचाइयों पर पहुंचा दिया है। AI तकनीक की बढ़ती जरूरत के कारण कंपनी का कारोबार लगातार बढ़ रहा है और इसका सीधा फायदा कर्मचारियों को भी मिल रहा है। हाल ही में सामने आए आंकड़ों के अनुसार Nvidia में कुछ सीनियर इंजीनियरिंग पदों पर कर्मचारियों को सालाना 4.7 करोड़ रुपये तक की बेस सैलरी (Nvidia Engineers Salary) मिल रही है। इससे कंपनी दुनिया की सबसे ज्यादा वेतन देने वाली टेक कंपनियों में शामिल हो गई है।
Nvidia में इंजीनियरों को मिल रहा मोटा पैकेज
रिपोर्ट के मुताबिक Nvidia में टॉप इंजीनियरिंग पदों पर कर्मचारियों को सालाना 4,25,500 डॉलर तक का बेस वेतन दिया जा रहा है। भारतीय करेंगी में यह राशि करीब 4.7 करोड़ रुपये के बराबर है। खास बात यह है कि इसमें बोनस और शेयर आधारित भुगतान (स्टॉक ग्रांट) शामिल नहीं हैं। अगर इन्हें भी जोड़ दिया जाए तो कुल कमाई इससे कहीं अधिक हो सकती है। कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर, सिस्टम्स सॉफ्टवेयर मैनेजर, आर्किटेक्चर मैनेजर और अन्य सीनियर तकनीकी एक्सपर्ट्स सबसे अधिक वेतन पाने वालों में शामिल हैं।
सॉफ्टवेयर इंजीनियरों के लिए बड़ा अवसर
Nvidia में सॉफ्टवेयर इंजीनियरों की सैलरी काफी व्यापक दायरे में है। रिपोर्ट के अनुसार कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर सालाना 92,000 डॉलर से लेकर 4,25,500 डॉलर तक कमा सकते हैं। भारतीय रुपये में यह करीब 77 लाख रुपये से लेकर 4.7 करोड़ रुपये तक बैठता है। AI और हाई-परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग के बढ़ते इस्तेमाल के कारण अनुभवी इंजीनियरों की मांग तेजी से बढ़ी है, जिससे कंपनियां उन्हें आकर्षित करने के लिए भारी वेतन दे रही हैं।विभिन्न इंजीनियरिंग पदों पर आकर्षक सैलरी
Nvidia में कई विशेष तकनीकी भूमिकाओं पर भी शानदार वेतन दिया जा रहा है। ASIC इंजीनियरों को 1.6 करोड़ रुपये से अधिक तक का पैकेज मिल सकता है, जबकि हार्डवेयर इंजीनियर, CAD इंजीनियर, फिजिकल डिजाइन इंजीनियर और वेरिफिकेशन इंजीनियर भी करोड़ों रुपये सालाना कमा रहे हैं। एक्सपर्ट्स का मानना है कि AI चिप्स और सेमीकंडक्टर उद्योग में कुशल इंजीनियरों की भारी कमी है, जिसके चलते कंपनियां उन्हें ऊंची सैलरी देने के लिए मजबूर हैं।
सीनियर पदों पर और भी ज्यादा कमाई
तकनीकी नेतृत्व से जुड़े पदों पर वेतन और भी ज्यादा है। आर्किटेक्चर मैनेजर की सैलरी 4.7 करोड़ रुपये तक पहुंच सकती है, जबकि सीनियर आर्किटेक्ट और सॉल्यूशंस आर्किटेक्ट जैसे पदों पर भी कर्मचारियों को करोड़ों रुपये का पैकेज मिल रहा है। ये विशेषज्ञ AI चिप्स, GPU सिस्टम और बड़े कंप्यूटिंग प्लेटफॉर्म के डिजाइन और विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
रिसर्च और प्रोडक्ट टीम को भी फायदा
केवल इंजीनियरिंग विभाग ही नहीं, बल्कि रिसर्च और प्रोडक्ट मैनेजमेंट से जुड़े कर्मचारियों को भी शानदार वेतन मिल रहा है। रिसर्च साइंटिस्ट्स को सालाना 4.3 करोड़ रुपये तक की सैलरी मिल सकती है। वहीं प्रोडक्ट मैनेजर और प्रोग्राम मैनेजर भी करोड़ों रुपये के पैकेज पर काम कर रहे हैं। यह दिखाता है कि AI क्षेत्र में शोध और नए उत्पादों के विकास को Nvidia कितनी प्राथमिकता दे रही है।
CEO जेन्सेन हुआंग खुद देखते हैं कर्मचारियों की सैलरी
Nvidia के CEO जेन्सेन हुआंग ने एक इंटरव्यू में बताया था कि वह आज भी कर्मचारियों के वेतन की समीक्षा में व्यक्तिगत रूप से शामिल होते हैं। उन्होंने कहा कि कंपनी की सफलता के कारण कई कर्मचारियों ने भारी संपत्ति बनाई है। उनके अनुसार Nvidia के शेयरों में जबरदस्त तेजी आने से लंबे समय से कंपनी में काम कर रहे कर्मचारियों की दौलत कई गुना बढ़ गई है। यही वजह है कि कंपनी में कई कर्मचारी करोड़पति बन चुके हैं।
AI टैलेंट के लिए बढ़ी प्रतिस्पर्धा
AI सेक्टर में बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बीच Nvidia लगातार दुनियाभर से प्रतिभाशाली इंजीनियरों और शोधकर्ताओं को भर्ती कर रही है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2025 में करीब 1,900 H-1B वीजा आवेदन भी प्राप्त किए। इससे साफ है कि Nvidia वैश्विक स्तर पर सर्वश्रेष्ठ प्रतिभाओं को अपने साथ जोड़ने की रणनीति पर काम कर रही है। AI क्रांति के दौर में Nvidia, Google, Meta और Microsoft जैसी बड़ी टेक कंपनियों के बीच टैलेंट हासिल करने की होड़ तेज हो गई है। यही कारण है कि इंजीनियरों और AI एक्सपर्ट्स की सैलरी लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है।










































