Apple ने भारत में स्वच्छ ऊर्जा और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए 100 करोड़ रुपये के शुरुआती निवेश का ऐलान किया है। कंपनी इस निवेश के जरिए देश में 150 मेगावाट से अधिक ग्रीन एनर्जी क्षमता विकसित करने की योजना बना रही है। इस पहल के तहत एपल ने रिन्यूएबल एनर्जी डेवलपर CleanMax के साथ साझेदारी की है।
1.5 लाख घरों को मिल सकेगी बिजली
PTI/भाषा के मुताबिक नई ग्रीन एनर्जी परियोजनाओं से हर साल लगभग 1.5 लाख भारतीय घरों को बिजली उपलब्ध कराई जा सकेगी। एपल का कहना है कि आने वाले वर्षों में इस क्षमता को और बढ़ाने की संभावना है। इस पहल का उद्देश्य भारत में कंपनी की सप्लाई चेन में रिन्यूएबल एनर्जी के इस्तेमाल को बढ़ाना है।
एपल की वाइस प्रेसिडेंट सारा चैंडलर ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण कंपनी के लिए सिर्फ जिम्मेदारी नहीं, बल्कि इनोवेशन का एक अहम हिस्सा है। उन्होंने कहा कि भारत की स्वच्छ ऊर्जा अर्थव्यवस्था में निवेश और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा के लिए कंपनी अपने प्रयासों का विस्तार कर रही है।पहले भी सोलर प्रोजेक्ट्स पर कर चुकी है काम
एपल इससे पहले भी CleanMax के साथ मिलकर भारत में रूफटॉप सोलर प्रोजेक्ट्स पर काम कर चुकी है। इन परियोजनाओं का उद्देश्य कंपनी के ऑफिस और रिटेल स्टोर्स को 100 प्रतिशत रिन्यूएबल एनर्जी से संचालित करना था।
प्लास्टिक प्रदूषण कम करने पर भी जोर
कंपनी ने प्लास्टिक प्रदूषण को कम करने के लिए WWF-India के साथ साझेदारी की है। इसके तहत रिसाइक्लिंग और वेस्ट मैनेजमेंट सिस्टम को मजबूत किया जाएगा। एपल ने गोवा में Saahas Zero Waste मॉडल के जरिए प्लास्टिक कचरे के संग्रह और रिसाइक्लिंग की व्यवस्था तैयार की है, जिसे अब कोयंबटूर समेत अन्य क्षेत्रों तक बढ़ाया जाएगा।
ग्रीन स्टार्टअप्स को भी मिलेगा समर्थन
एपल ने सामाजिक निवेश संस्था Acumen के साथ मिलकर ग्रीन एंटरप्रेन्योरशिप को बढ़ावा देने की भी घोषणा की है। इसके तहत कंपनी छह शुरुआती ग्रीन स्टार्टअप्स को आर्थिक सहायता, तकनीकी मार्गदर्शन और नेटवर्क सपोर्ट प्रदान करेगी। ये स्टार्टअप्स वेस्ट मैनेजमेंट, सर्कुलर इकोनॉमी और टिकाऊ कृषि जैसे क्षेत्रों में काम कर रहे हैं।













































