दक्षिण अफ्रीका से महाराष्ट्र के ठाणे जिले के डोंबिवली लौटे एक व्यक्ति में कोरोना टेस्ट पॉजिटिव पाया गया है। कल्याण-डोंबिवली नगर निगम (केडीएमसी) के एक अधिकारी ने कहा कि इस बात की पुष्टि नहीं हुई है कि मरीज कोरोना वायरस के ओमीक्रोन वेरिएंट से संक्रमित हुआ है, जिसे WHO द्वारा वेरिएंट ऑफ कंसर्न घोषित किया है। फिलहाल उसके नमूने जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजे गए हैं।
अधिकारी ने बताया कि वह व्यक्ति 24 नवंबर को केप टाउन से डोंबिवली लौटा था। उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है। केडीएमसी की चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रतिभा पानपाटिल ने बताया कि दक्षिण अफ्रीका से लौटने के बाद वह व्यक्ति किसी के संपर्क में नहीं आया है। हालांकि वह दक्षिण अफ्रीका से पहले दिल्ली आ गए थे, उसके बाद ठाणे पहुंचे थे। पनपाटिल ने बताया कि संक्रमित पाए गए शख्स ने साउथ अफ्रीका से दिल्ली और दिल्ली से मुंबई का सफर तय किया था। उसके भाई की रिपोर्ट निगेटिव आई है। परिवार के बाकी सदस्यों का आज परीक्षण किया जाएगा।
सीएम उद्धव ठाकरे की अपील, सख्ती से करें गाइडलाइन का पालन
इस बीच महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने रविवार को लोगों से कहा कि वे दक्षिण अफ्रीका में पाए जाने वाले नए वेरिएंट के मद्देनजर कोरोनावायरस के बारे में ढील न बरतें। उन्होंने कहा कि राज्य एक और लॉकडाउन बर्दाश्त नहीं कर सकता। इससे बचने के लिए कोरोना संबंधी सभी उपायों का पालन करना चाहिए।
बेंगलुरू में संक्रमित ओमिक्रॉन से संक्रमित नहीं
कोरोना के इस रूप से भारत समेत पूरी दुनिया में हड़कंप मच गया है। वहीं बेंगलुरु में दक्षिण अफ्रीका के दो नागरिक कोरोना से संक्रमित पाए गए थे लेकिन अब जांच में पता चला है कि दोनों ओमीक्रोन से संक्रमित नहीं हैं। उनके डेल्टा वेरिएंट से संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी।
ओमीक्रोन के ज्यादा संक्रमित होने से सबूत नहीं – WHO
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने रविवार को कहा कि अभी तक ऐसा कोई सबूत नहीं है जो बताए कि कोरोनावायरस का नया वेरिएंट ओमाइक्रोन अन्य वेरिएंट की तुलना में अधिक संक्रामक है या यह बीमारी को और अधिक गंभीर बनाता है। WHO ने कहा कि शुरुआती आंकड़े बताते हैं कि दक्षिण अफ्रीका में अस्पताल में भर्ती कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ रही है। संयुक्त राष्ट्र की स्वास्थ्य एजेंसी ने कहा कि नए वेरिएंट के मौजूदा रोकथाम उपायों और टीके पर संभावित प्रभाव को समझने के लिए विशेषज्ञों के साथ काम कर रही है। WHO ने कोरोना वायरस के एक नए प्रकार B.1.1.1.529 को Omicron नाम दिया है। संगठन ने इसे ‘वेरिएंट ऑफ कंसर्न (वीओसी)’ की श्रेणी में रखा है। इसमें 30 से ज्यादा म्यूटेशन हो चुके हैं, जिससे दुनियाभर के वैज्ञानिक चिंतित हैं।
Live Covid-19 Omicron Variant: कनाडा में मिले दो ओमिक्रोन वेरिएंट से संक्रमित
कोरोना वायरस के नए वेरिएंट ‘ओमीक्रोन’ (Omicron) ने दुनियाभर में चिंता बढ़ा दी है। भारत पहुंचने वाले यात्रियों के लिए RT-PCR टेस्ट अनिवार्य कर दिया है। इस बीच खबर है कि कनाडा में भी अब दो लोग ओमीक्रोन वेरिएंट से संक्रमित मरीज मिले हैं। कनाडा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि दो यात्री इस नए वेरिएंट से संक्रमित पाए गए हैं। इन दोनों यात्रियों ने नाइजीरिया की यात्रा की थी।
मोरक्को ने दो हफ्ते के लिए उड़ानों पर लगाया प्रतिबंध
कोरोना वायरस के नए वेरिएंट ओमीक्रॉन के खतरे को देखते हुए मोरक्को ने सोमवार से दो हफ्तों के लिए दुनियाभर से आने वाली उड़ानें को रद्द कर दिया है। मोरक्को के विदेश मंत्रालय ने बताया कि नागरिकों की सुरक्षा को लेकर यह कदम उठाया गया है।