दूरदर्शन चैनल का लोगो बदल गया है। इसे रूबी लाल से बदलकर केसरिया कर दिया गया है। लोगो के भगवा होते ही कई लोगों के रिएक्शन सामने आने लगे। डीडी के लोगो के बदलने से सबसे ज्यादा नाराज विपक्ष है। विपक्ष का कहना है कि चैनल का भगवाकरण किया जा रहा है। विपक्षी नेताओं का प्रश्न है कि इसे लोकसभा चुनाव से पहले बदलने की क्या जरूरत थी। हालांकि ब्रॉडकास्टर का कहना है कि दूरदर्शन के लोगो को केसरिया सिर्फ एक बदलाव के रूप में किया गया है। सोशल मीडिया पर भी तरह-तरह के रिएक्शन आ रहे हैं।
रूबी लाल से केसरिया हुआ डीडी
डीडी न्यूज चैनल ने मंगलवार को अपने एक्स हैंडल पर लोगो के बदलाव पर एक वीडियो पोस्ट किया था। वीडियो के साथ एक कैप्शन भी था। डीडी न्यूज ने वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा कि हमारे मूल्य तो वही हैं, लेकिन अब हम एक नए रूप में आप सबके सामने हैं। खबरों का एक ऐसा सफर जो आपने पहले कभी नहीं किया, उसके लिए तैयार हो जाइए! पूरी तरह से नए डीडी न्यूज का अनुभव लें!