इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के प्लेऑफ मुकाबलों का रोमांच अब अपने चरम पर पहुंच चुका है। इसी खास मौके पर Google ने भी क्रिकेट प्रेमियों के उत्साह को और बढ़ाते हुए अपने होमपेज पर एक खास Doodle जारी किया है। यह डूडलMen’s IPL 2026 Playoffs को समर्पित है, जिसमें चमकदार नियॉन स्टाइल में क्रिकेट और म्यूजिक थीम का शानदार मिश्रण देखने को मिल रहा है।
डूडल में Google के लोगो को क्रिकेट एलिमेंट्स के साथ बेहद आकर्षक अंदाज में डिजाइन किया गया है। बीच में बल्ला और गेंद दिखाई गई है, जबकि बैकग्राउंड में स्टेडियम और जश्न का माहौल झलक रहा है। Google का यह खास अंदाज सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है और क्रिकेट फैंस इसे काफी पसंद कर रहे हैं।
RCB और गुजरात टाइटन्स के बीच बड़ा मुकाबला
IPL 2026 के पहले क्वालीफायर में आज रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और गुजरात टाइटन्स (GT) आमने-सामने होंगे। दोनों टीमों ने लीग चरण में 14 मैचों में 18-18 अंक हासिल किए, लेकिन बेहतर नेट रन रेट के कारण RCB अंक तालिका में शीर्ष पर रही।रजत पाटीदार की कप्तानी में RCB ने इस सीजन आक्रामक बल्लेबाजी और मजबूत गेंदबाजी के दम पर शानदार प्रदर्शन किया है। वहीं गुजरात टाइटन्स ने अनुशासित गेंदबाजी और संतुलित टीम संयोजन के जरिए प्लेऑफ तक का सफर तय किया। ऐसे में दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल सकती है।
धर्मशाला की पिच पर बरस सकते हैं रन
क्वालीफायर-1 मुकाबला हिमाचल प्रदेश क्रिकेट स्टेडियम, धर्मशाला में खेला जाएगा। यहां की पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाती है। गेंद आसानी से बल्ले पर आती है, जिससे बड़े शॉट लगाना आसान हो जाता है। ऊंचाई वाले इलाके में स्थित होने के कारण यहां गेंद तेजी से ट्रैवल करती है और छक्कों की भरमार देखने को मिल सकती है। IPL प्लेऑफ के बढ़ते रोमांच के बीच Google का यह खास Doodle क्रिकेट फैंस के उत्साह को और खास बना रहा है।












































