MP के छिंदवाड़ा में बैतूल हाईवे पर ट्रक-पिकअप की टक्कर, 5 लोगों की मौत, मुख्यमंत्री ने की 4-4 लाख देने की घोषणा

0

छिंदवाड़ा । छिंदवाड़ा-बैतूल नेशनल हाईवे पर सोमवार सुबह एक पिकअप वाहन की सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार मजदूर दूर जा गिरे। हादसा सुबह करीब 9.30 बजे टेमनी खुर्द के पास हुआ।

कई अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं

हादसे में मरने वालों की संख्या 5 हो गई है। मरने वालों में 3 महिलाएं हैं। करीब 18 लोग घायल बताए जा रहे हैं। कई घायलों की हालत गंभीर है। पिकअप वाहन में बड़ी संख्या में मजदूर सवार थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।पुलिस एवं प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस एवं प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया है। राहत एवं बचाव कार्य जारी है। घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा जा रहा है।

फिलहाल मृतकों और घायलों की आधिकारिक संख्या की पुष्टि प्रशासन द्वारा की जानी बाकी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पिकअप मजदूरों को लेने के लिए खड़ा था। पीछे से यूरिया से भरा ट्रक आ रहा था, जिसने पिकअप को टक्कर मार दी। पिकअप में 20-25 मजदूर थे। कई घायलों को स्थानीय लोगों ने भी अपनी गाड़ी से अस्पताल पहुंचाया।

घायलों को 108 की सहायता से जिला अस्पताल लाया गया

स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस टीम और एम्बुलेंस मौके पर पहुंचीं। एडीएम धीरेंद्र सिंह भी अस्पताल पहुंचे। घायलों को 108 की सहायता से जिला अस्पताल लाया गया। 16 घायलों को आईसीयू में शिफ्ट किया गया है। 5 लोगों की हड्डियां टूटी हैं, बाकी के सिर पर चोट है।

विधायक कमलेश शाह बाेले-टेमनी खुर्द सड़क दुर्घटना अत्यंत दुखद

छिंदवाड़ा-बैतूल राष्ट्रीय राजमार्ग पर टेमनी खुर्द के समीप हुई सड़क दुर्घटना अत्यंत दुखद एवं हृदय विदारक है। अमरवाड़ा विधायक राजा कमलेश शाह ने इस दुर्घटना में दिवंगत हुए नागरिकों के प्रति गहरा शोक व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं।

मुख्यमंत्री ने की आर्थिक सहायता देने की घोषणा

विधायक शाह ने कहा कि इस दुःख की घड़ी में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मृतकों के स्वजनों को 4-4 लाख रुपये, गंभीर घायलों को 1-1 लाख रुपये तथा अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान करने के निर्देश संवेदनशील एवं सराहनीय निर्णय हैं। इस मानवीय एवं त्वरित पहल के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।

घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य होने की मंगलकामना की

विधायक ने बाबा महाकाल से प्रार्थना करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति एवं शोकाकुल परिजनों को यह असहनीय दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की कामना की। साथ ही, सभी घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ एवं पूर्ण स्वस्थ होने की मंगलकामना की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here