नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को राज्यसभा के 36 NDA सांसदों से मिले। इसमें हाल ही में दूसरी पार्टी से बीजेपी या एनडीए में आए सांसद भी शामिल थे। सूत्रों के मुताबिक पीएम ने सांसदों से कहा कि दिल्ली के मकड़जाल में नहीं फंसना है और कहा कि सिर्फ लुटियंस दिल्ली में ही नहीं फंसके रहना है।
सूत्रों के मुताबिक पीएम ने सांसदों से कहा कि दिल्ली में आप किससे मिलते हैं, किसके साथ बैठते हैं, इसका ख्याल रखें। लेटर हेड का इस्तेमाल आप कैसे करते हैं और कैसा बर्ताव करते हैं, इसका पूरा ख्याल रखें। पीएम ने कहा कि टेक्नॉलजी के फायदे हैं तो नुकसान भी है। सोशल मीडिया का इस्तेमाल सावधानी से और गरिमापूर्वक तरीके से करना है।
पीएम की सांसदों को सलाह: गुस्से से बचें, टीवी पर मर्यादा बनाए रखें
पीएम ने कहा कि सदन के अंदर की एंजाइटी को बाहर लेकर ना जाए। क्योंकि हाउस में कई बार ऐसा माहौल होता है कि एंजाइटी होती है, उसे अपने साथ कैरी नहीं करना है। उन्होंने कहा कि नाराज होकर बोलने या गुस्सा होकर चिल्लाने की जरूरत भी नहीं है। आप सब को पार्टी लाइन पता है और हर मुद्दों पर आराम से अपनी बात रखें। साथ ही कहा कि किसी को भी टीवी पर कुछ भी ट्रैश नहीं बोलना चाहिए और गरिमा का पूरा ध्यान रखें। पीएम ने सांसदों को सलाह दी कि सत्ता पक्ष और विपक्ष सभी तरफ के सांसदों को जानें, आपको पता होना चाहिए कि सदन में आपके साथी कौन हैं।
‘मैं वर्तमान में जीता हूं’
एक सांसद ने पीएम से पूछा कि आप मल्टीटास्किंग कैसे करते हैं, जिसके जवाब में पीएम ने कहा कि मैं वर्तमान में जीता हूं। पीएम ने कहा कि अभी मैं आप लोगों से बात कर रहा हूं तो बस यहीं हूं, अभी में कहीं और की नहीं सोच रहा। पीएम ने सलाह दी कि वर्तमान में रहो और देश के बेहतर भविष्य के लिए काम करो।










































