NEET पेपर लीक के बीच NTA में बड़ा फेरबदल; दो संयुक्त सचिवों, दो संयुक्त निदेशकों की नियुक्ति

0

नई दिल्लीः केंद्र सरकार ने नीट-यूजी परीक्षा का पेपर लीक होने की वजह से सवालों के घेरे में आई राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) में शनिवार को दो संयुक्त सचिवों और दो संयुक्त निदेशकों की नियुक्ति की। कार्मिक मंत्रालय द्वारा जारी एक आदेश के अनुसार, भारतीय सांख्यिकी सेवा की 1998 बैच की अधिकारी अनुजा बापट और भारतीय राजस्व सेवा (सीमा शुल्क एवं अप्रत्यक्ष कर) की 2004 बैच की अधिकारी रुचिता विज पांच साल के लिए एनटीए में संयुक्त सचिव होंगी।

आदित्य राजेंद्र भोजगड़िया बने एनटीए में संयुक्त निदेशक

मंत्रालय ने एक अलग आदेश में कहा कि भारतीय राजस्व सेवा (आयकर) के अधिकारी आकाश जैन और भारतीय लेखापरीक्षा एवं लेखा सेवा के अधिकारी आदित्य राजेंद्र भोजगड़िया को एनटीए में संयुक्त निदेशक नियुक्त किया गया है।

सीबीआई कर रही नीट पेपर लीक मामले की जांच

केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी) का पेपर लीक होने के प्रकरण में मामला दर्ज कर जांच के लिए टीम गठित की हैं। पेपर लीक होने के कारण तीन मई को आयोजित यह परीक्षा रद्द कर दी गई थी। देश भर में एनटीए द्वारा आयोजित इस परीक्षा के लिए लगभग 23 लाख अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था।

नीट पेपर लीक में अब तक 9 गिरफ्तार

बता दें कि नीट यूजी 2026 पेपर लीक मामले में अब तक 9 लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं इस मामले में गिरफ्तार मास्टरमाइंड पीवी कुलकर्णी और उसकी सहयोगी मनीषा वाघमारे को शनिवार को सीबीआई ने राऊज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया। दोनों आरोपियों को पुणे से गिरफ्तार किया गया था। कुलकर्णी पेशे से केमिस्ट्री का शिक्षक बताया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here