इस्लामाबाद: पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में आज विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए वोटिंग हो रही है। मीरपुर डिवीजन में 14 लाख से ज्यादा रजिस्टर्ड वोटर अपने वोट डालेंगे। यह वोटिंग उस वक्त हो रही है जब पीओके में उग्र प्रदर्शन चल रहे हैं। वहीं कई विपक्षी पार्टियों ने पाकिस्तानी सेना पर दखल देने का आरोप लगाते हुए चुनाव का बहिष्कार करने का आह्वान किया है।
रिपोर्ट के मुताबिक पीओके के मीरपुर, भीमबर और कोटली जिलों के 13 विधानसभा सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। चुनाव अधिकारियों के मुताबिक इस प्रक्रिया के लिए 2,500 से ज्यादा पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं और वोटिंग के दिन से पहले ही सभी जिलों में चुनाव का सामान भेज दिया गया था। PoK सरकार ने वोटरों की भागीदारी को आसान बनाने के लिए मीरपुर डिवीजन में 27 जुलाई को सार्वजनिक छुट्टी का भी ऐलान किया है।
पीओके में उग्र प्रदर्शन के बीच चुनाव
इस चुनाव में भी पहले की ही तरह पाकिस्तान की प्रमुख राजनीतिक पार्टियों का ही दबदबा रहने की उम्मीद है जिनमें पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (PML-N), पाकिस्तान पीपल्स पार्टी (PPP) और इस्तेहकाम-ए-पाकिस्तान पार्टी (IPP) शामिल हैं। न्यूज 18 की रिपोर्ट के मुताबिक इस चरण में जिन 13 सीटों पर चुनाव हो रहा है उनके लिए लगभग 300 उम्मीदवार मैदान में हैं। अकेले कोटली जिले में छह विधानसभा सीटों के लिए 135 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं जबकि मीरपुर और भीमबर जिलों में 7,50,000 से ज्यादा वोटर सात सीटों के नतीजे तय करेंगे।









































