शेयर मार्केट में ऑप्शन ट्रेडिंग में कई बार ऐसे मूव देखने को मिलते हैं, जो निवेशकों को हैरान कर देते हैं। 27 अगस्त को सेंसेक्स की मंथली एक्सपायरी के दिन भी ऐसा ही हुआ।
भारतीय शेयर बाजार में गुरुवार को Sensex Derivatives Monthly Expiry के दिन क्लोजिंग ऑक्शन सेशन यानी CAS के दौरान जबरदस्त उतार-चढ़ाव देखने को मिला। बाजार बंद होने से कुछ मिनट पहले Sensex करीब 77,200 के स्तर से फिसलकर लगभग 74,983 तक आ गया। यानी महज कुछ मिनटों में 2,000 से ज्यादा अंकों की गिरावट दर्ज हुई। इसके बाद इंडेक्स ने तेज रिकवरी भी की और करीब सात मिनट में लगभग 2,000 अंक वापस हासिल कर लिए। Sensex आखिरकार 76,933 के आसपास बंद हुआ, जो पिछले बंद स्तर से करीब 539 अंक नीचे था।
इस तेज हलचल के बीच एक ट्रेडर का सोशल मीडिया पर किया गया दावा भी चर्चा में है। ट्रेडर के मुताबिक, अगर किसी निवेशक ने 76,500 Put Option में 3:15 बजे ₹1 लाख लगाया होता और उसे 3:20 बजे बेच दिया होता, तो रकम करीब ₹44 लाख तक पहुंच सकती थी। हालांकि, यह हाइपोथेटिकल कैलकुलेशन है। इसका मतलब यह नहीं है कि किसी वास्तविक ट्रेडर ने ₹44 लाख का मुनाफा कमाया है। मूल पोस्ट में समय को लेकर भी गलती थी, जिसमें 3:15 AM लिखा गया था, जबकि घटनाक्रम दोपहर में हुआ था।
CAS पर क्यों उठ रहे सवाल?
गुरुवार की घटना इसलिए ज्यादा महत्वपूर्ण है क्योंकि यह नए CAS के तहत पहला मंथली एक्सपायरी डे था। BSE ने 3 अगस्त से करीब 200 ऐसे शेयरों पर CAS लागू किया है, जिन पर इक्विटी डेरिवेटिव्स में कारोबार होता है। इसका मकसद बाजार बंद होने के समय ज्यादा पारदर्शी तरीके से क्लोजिंग प्राइस तय करना है।लेकिन बाजार भागीदारों की चिंता है कि ऑक्शन विंडो के दौरान अगर लिक्विडिटी कम हो और बड़े ऑर्डर आ जाएं, तो कीमतों में अचानक बड़ा बदलाव हो सकता है। गुरुवार को Reliance Industries जैसे बड़े शेयरों में भी ऐसी ही तेज हलचल देखने को मिली। इसके अलावा HDFC Bank, ITC और Bharti Airtel में भी क्लोजिंग पीरियड के दौरान बड़े प्राइस मूवमेंट रहे।Expiry Day पर बढ़ जाता है असर
Monthly expiry के दिन क्लोजिंग प्राइस का महत्व काफी बढ़ जाता है। किसी शेयर के अंतिम भाव में छोटा बदलाव भी ऑप्शन के भुगतान और ट्रेडर्स की सेटलमेंट ऑब्लिगेशन को प्रभावित कर सकता है। स्टॉक ऑप्शन में फिजिकल सेटलमेंट होने के कारण अचानक प्राइस मूवमेंट से शेयर डिलीवरी या फंड की जरूरत भी बदल सकती है।










































