Trump ने उगली आग, 30 मिनट में ₹10 लाख करोड़ साफ; Crude $80 के करीब

0

Share Market Crash : भारतीय शेयर बाजार में बुधवार को भारी बिकवाली देखने को मिली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ईरान को लेकर दिए गए सख्त बयान के बाद ग्लोबल निवेशकों में डर बढ़ गया। ट्रंप ने कहा कि ईरान के साथ हुआ एमओयू अब खत्म हो चुका है और वह अब ईरानियों से कोई समझौता नहीं करना चाहते। इसके बाद कच्चे तेल की कीमतों में करीब 7 % का तेज उछाल आया, जिसका सीधा असर दुनियाभर के शेयर बाजारों पर पड़ा। 3 बजे तक Sensex 1900 अंक से ज्यादा टूटकर 76,259.03 तक लुढ़क गया और निफ्टी करीब 580 अंक से ज्यादा लुढ़कर 23,805.20 तक फिसल गया।

30 मिनट में ₹10 लाख करोड़ साफ

BSE के आंकड़ों के मुताबिक सोमवार 6 जुलाई को सूचीबद्ध कंपनियों का कुल मार्केट कैप ₹4,81,50,174.783 करोड़ था, जबकि आज कारोबार के दौरान यह घटकर करीब ₹4,71,83,775 करोड़ रह गया। यानी निवेशकों की संपत्ति में लगभग 10 लाख करोड़ की कमी आ गई।

बाजार में चौतरफा बिकवाली

फिलहाल, बाजार में 4,317 स्टॉक्स में ट्रेडिंग हो रही है। इनमें से 2,963 में बिकवाली हो रही है। यह आंकड़े बताते हैं कि बिकवाली केवल बड़े शेयरों तक सीमित नहीं रही बल्कि पूरे बाजार में दबाव दिखा।

तेल की कीमतों ने बढ़ाई चिंता

ब्रेंट क्रूड करीब 7 % चढ़कर 80 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया, जबकि डब्ल्यूटीआई क्रूड भी लगभग 6% उछलकर 75 डॉलर प्रति बैरल पार पहुंच गया। भारत अपनी जरूरत का अधिकांश कच्चा तेल आयात करता है, इसलिए तेल महंगा होने से महंगाई और कंपनियों की लागत बढ़ने की आशंका पैदा हो जाती है।

ग्लोबल बाजार भी दबाव में

सिर्फ भारत ही नहीं, यूरोप और अमेरिका के फ्यूचर्स बाजार भी लाल निशान में कारोबार करते दिखे। एशियाई बाजारों में भी कोस्पी में 5% से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई, जबकि गिफ्ट निफ्टी भी 2% से ज्यादा टूटा। वहीं, डाउ फ्यूचर्स 1.18% नीचे कारोबार कर रहा है।

क्यों घबराए निवेशक?

बाजार की सबसे बड़ी चिंता यह है कि अगर अमेरिका और ईरान के बीच तनाव और बढ़ता है तो तेल की सप्लाई प्रभावित हो सकती है। इससे कच्चा तेल और महंगा हो सकता है, महंगाई बढ़ सकती है और दुनियाभर की अर्थव्यवस्थाओं पर दबाव आ सकता है। यही वजह है कि निवेशकों ने जोखिम वाले एसेट्स से दूरी बनानी शुरू कर दी।

India Vix 28% उछला

ट्रंप के बयान के बाद बाजार में आई गिरावट के साथ ही वोलैटिलिटी इंडेक्स India Vix में 28% का उछाल देखने को मिला है। इंडिया विक्स 3.30 अंक बढ़कर 14.95 पर पहुंच गया है। जबकि, दिन की शुरुआत में यह 11.65 पर था। यह बताता है कि बाजार में निवेशकों के बीच पैनिक सेलिंग बढ़ गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here