भोपाल: मध्य प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग भोपाल ने अगले पांच दिनों तक प्रदेश के कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश, गरज-चमक, वज्रपात और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है। लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार 5 जुलाई से 10 जुलाई तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में लगातार बारिश का दौर जारी रहेगा। कई जिलों में अति भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। आईएमडी के अनुसर प्रदेश के आधे हिस्से में अति भारी या भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम संभाग में सबसे ज्यादा असर रहेगा। रतलाम, धार, बड़वानी, शाजापुर, बैतूल, पांढुर्णा, मंडला, बालाघाट और डिंडौरी में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। नीमच, मंदसौर, आगर-मालवा, उज्जैन, इंदौर, खरगोन, देवास, खंडवा, बुरहानपुर, हरदा, सीहोर, नर्मदापुरम, रायसेन, छिंदवाड़ा, सिवनी, अनूपपुर, कटनी, पन्ना, झाबुआ और आलीराजपुर में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। यहां अगले 24 घंटे में 4 से 8 इंच तक पानी गिर सकता है।










































