वारासिवनी(पद्मेश न्यूज)। सिविल अस्पताल वारासिवनी में जहरीले जीव के काटने से वनरक्षक की पत्नी श्रीमती सपना परते की मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार श्रीमती सपना परते को सिविल अस्पताल में भर्ती किया गया था। जिसमें सही उपचार नही मिलने से परिजनों के द्वारा अस्पताल में हल्ला कर स्वास्थ्य विभाग पर लापरवाही का आरोप भी लगाया गया। मामले में पुलिस ने आवश्यक कार्यवाही कर शव परिजनों को दे दिया है मामले में मर्ग जांच की जा रही है। घटना की जानकारी लगते ही मौके पर क्षेत्रीय विधायक विवेक पटेल के द्वारा उपस्थित होकर परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली गई। वहीं अस्पताल प्रबंधन से दस्तावेज मांग कर फटकार लगाई गई।
यह हैं मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार अशोक परते कोचेवाही के रहने वाले हैं उनके पत्नी सपना पति अशोक परते उम्र ४० वर्ष गांव में रहती थी। वह वारासिवनी वन विभाग में वनरक्षक के पद पर पदस्थ है उनके घर ग्राम कोचेवाही में १७ अगस्त की शाम करीब ६.३० बजे पत्नी सपना पति अशोक परते उम्र ४० वर्ष घर के देवघर में साफ सफ ाई कर रही थी। तभी किसी के काटने से वह चिल्लाई और उन्हें हाथ में किसी जीव के द्वारा काटना दिखा। इसके बाद परिवार के द्वारा उन्हें सिविल अस्पताल वारासिवनी में लाकर भर्ती किया गया। जहां पर उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई । इस दौरान परिजनों के द्वारा अस्पताल में हल्ला किया गया कि उनके द्वारा घटना के बाद तत्काल स्वास्थ हालत में अपनी पत्नी को लाया गया था। परंतु उनकी मौत कैसे हो गई इस सभी विषय को लेकर अस्पताल प्रबंधन पर भी परिजनों के द्वारा लापरवाही बरतने समय रहते उपचार नही करने का आरोप लगाया गया। इस दौरान घटना की जानकारी अस्पताल तहरीर के माध्यम से पुलिस को दी गई । जिस पर पुलिस ने रात्रि में अस्पताल में पहुंचकर घटना की जानकारी ली। वहीं शव को सुरक्षित रखवा दिया गया १८ अगस्त की सुबह आवश्यक पंचनामा कार्यवाही कर शव का पोस्टमार्टम कर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ कर दी है।
अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही से मेरी पत्नि की मौत हुई है-अशोक परते
अशोक परते ने बताया कि मेरी पत्नी सपना परते को शाम ६.३० बजे सांप ने हाथ में काट लिया था जिसे ७ बजे करीब अस्पताल में लाया गया। नर्स ने कहा कि डॉक्टर को आने में एक घंटा लगेगा और उनके द्वारा इंजेक्शन लगाया गया आधे घंटे में डॉक्टर आए। सर्पदंश का इलाज सरकारी अस्पताल में है तो हम यहां आए थे हमने समय पर मरीज को लेकर आए पौन घंटा इलाज चला परंतु बचा नहीं पाए। ऐसे में मरीज कहां जाएगा इसमें अस्पताल की लापरवाही है । रात ड्यूटी में विक्रम शरणागत डॉक्टर थे हम चाहते हैं कि ऐसी व्यवस्था किसी और को ना मिले मामले की जांच हो।
यहां का स्टाफ अधिकांश नशे में होता है कई घटनाएं पूर्व में हो चुकी है-अभिषेक सुराना
अभिषेक सुराना ने बताया कि अस्पताल में कोई सुविधा नहीं है रिफर अस्पताल के रूप में इसे जाना जाता है। यहां का स्टाफ अधिकांश नशे में होता है कई घटनाएं पूर्व में हो चुकी है हर बार नोटिस देकर इतिश्री कर ली जाती है। शिकायत बहुत सारे लोग करते है किंतु उसकी जांच भी यही लोग करते हैं और क्लीनचिट भी यही अपने आप को दे देते हैं। जिसके परिवार का व्यक्ति गया है उसे इस लापरवाही का दर्द पता है।
स्वस्थ महिला की मौत कैसे हो गई डॉक्टर की लापरवाही है-विवेक पटेल
विधायक विवेक पटेल ने बताया कि चिकित्सा की व्यवस्था सुधरे यह हमारी प्राथमिकता है एक महिला की मौत हो गई है। हम यहां पर आए और निरीक्षण किया है कैसा इलाज हुआ कौन से इंजेक्शन दिए गए यह जानकारी अभी मिली नहीं है। अस्पताल में हजारों लोग आते हैं कई कमियां है उसे पूरा करने के लिए कहा गया है। कल सीएचएमओ को भी बुलाया गया है इलाज की फ ाइल अभी थाने में है तो वह नहीं मिल पाई है क्यों स्वस्थ महिला की मौत हो गई इसमें डॉक्टर की क्या लापरवाही है यह जानना चाह रहे हैं। परिजनों ने तो अस्पताल पर लापरवाही का आरोप लगाया है हम पुन: अस्पताल में आकर फाइल देखेंगे।
महिला की मौत का कारण पता नहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा-कमलेश झोड़े
बीएमओ डॉ कमलेश झोड़े ने बताया कि डॉ विक्रम शरणागत की ड्यूटी थी उन्होंने मुझे बताया कि महिला को किस जीव ने काटा है वह स्पष्ट नहीं था। मैं बाहर गया हुआ था डॉक्टर को मैंने फ ोन किया तो उन्होंने बताया कि ५ मिनट में वह पहुंच गए थे और उपचार भी चालू कर दिया गया था। इसी दौरान मौत हुई है महिला को स्वस्थ अस्पताल में लाया गया था। अब मौत का कारण अभी तो पता नहीं परंतु पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा।