अगर आप कोरियन ड्रामा के शौकीन हैं तो ओटीटी प्लेटफॉर्म पर ढेरों सीरीज, फिल्में और शोज मौजूद हैं। रोमांस से लेकर कॉमेडी, सस्पेंस थ्रिलर और यहां तक कि हॉरर के ड्रामा भी। और जॉम्बी कोरियन सीरीज भी हैं, जिनका आप घर बैठे लुत्फ उठा सकते हैं। हालांकि, जब भी कोरियन जॉम्बी सीरीज की बात होती है, तो टॉप पर हमेशा All Of Us Are Dead का ही नाम आता है। अब दिसंबर 2026-2027 में इसका दूसरा सीजन आने की खबरें हैं और दर्शक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। लेकिन तब तक आप एक और खतरनाक जॉम्बी सीरीज का लुत्फ उठा सकते हैं, जिसके बारे में यहां आपको बता रहे हैं।
Happiness की कहानी
इस सीरीज की कहानी एक अपार्टमेंट के इर्द-गिर्द घूमती है। वहां एक नई घातक बीमारी फैल जाती है, जिसे ‘मैड पर्सन डिजीज’ कहा जाता। यह बीमारी पूरे शहर में आतंक मचा देती है और इससे बचने के लिए लोग एक ऊंची बिल्डिंग में फंस जाते हैं, और फिर वहां जिंदा रहने की असली जद्दोजहद शुरू होती है। एक वायरस के कारण लोगों को अचानक ही इतनी ज्यादा प्यास लगने लगती है कि वो पानी तो क्या एक-दूसरे का खून पीने पर टूट पड़ते हैं। उनका बर्ताव इतना हिंसक हो जाता है कि जान लेने पर उतारू हो जाते हैं। फिर जो जिसे काटता है, वायरस उसे लग जाता है और वह खतरनाक जॉम्बी बन जाता है। यह घातक वायरस एक अवैध दवाई के कारण फैलता है।










































