अब पुरुषों के लिए मुश्किल हुआ लाइसेंस बनवाना

0

11 दिन पहले जोर शोर से शुरू की गई आनलाइन लर्निंग लाइसेंस व्यवस्था की खामियां अब धीरे-धीरे सामने आने लगी है। साइट के क्रेश होने या धीमी चलने की समस्या तो आ ही रही थी, लेकिन अब पुरुषों के लिए लाइसेंस बनवाना मुश्किल हो गया है। दरअसल, अब पेमेंट गेटवे के फेल हो जाने से लोगों का पैसा भी कट रहा और उनका लाइसेंस भी नहीं बन पा रहा। ऐसे लोग आरटीओ अधिकारियों को फोन कर इसका कारण पूछते है,तो अधिकारियों के पास भी इसका कोई जवाब नहीं है। प्रदेश में महिलाओं के लाइसेंस मुफ्त है।

प्रदेशभर में एक अगस्त से इस व्यवस्था को शुरू करने के पहले दो जिलों सतना और खरगोन में इस व्यवस्था का ट्रायल किया गया था। इसके बाद ही प्रदेशभर में इसे लागू किया गया। लेकिन अब इसमें परेशानी आ रही है। एजेंटों के अनुसार दिन में कभी-भी वेबसाइट क्रेश हो जाती है या धीमी हो जाती है। जिससे लाइसेंस बनाने में देरी होती है। वहीं अब एक नई समस्या आने लगी है। महिलाओं के लाइसेंस प्रदेश में मुफ्त होने से उन्हें यह दिक्कत नहीं आ रही है।

दरअसल, आधार का डेटा लेने के बाद उन्हें सीधे परीक्षा देना होती है जबकि पुरुषों को आधार का ओटीपी डालने के बाद पेमेंट करना होता है। यहां से आए ओटीपी को डालने के बाद वे परीक्षा दे सकते है। एजेंटों का कहना है कि पेमेंट होने के बाद भी उन्हें ओटीपी नहीं आ रहा है और कई बार यहीं से साइट क्रेश होती और फिर से मुख्य पेज आ जाता है जबकि उनके खाते से पैसा कट चुका होता है। अब यह रिफंड आएगा या नहीं, इस बारे में कोई कुछ कहने को तैयार नहीं है। मामले में एआरटीओ अर्चना मिश्रा का कहना है कि हमें इसकी शिकायत मिली है। हमने मुख्यालय को इस बारे में सूचित किया है। वहीं से इस समस्या को हल किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here