अब पुलिसकर्मी भी नहीं सुरक्षित, गश्त पर गए प्रधान आरक्षक के घर लाखों की चोरी,

0

कोतवाली क्षेत्र में इन दिनों चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। चोरों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब वे आम नागरिकों के साथ-साथ पुलिसकर्मियों के घरों को भी निशाना बनाने से नहीं चूक रहे हैं। ताजा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गर्रा स्थित बॉटनिकल कॉलोनी वार्ड क्रमांक 12 से सामने आया है, जहां बीती रात अज्ञात चोरों ने एक पुलिसकर्मी के घर में चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। जानकारी के अनुसार संबंधित पुलिसकर्मी रात के समय शहर में गश्त ड्यूटी पर तैनात था और शहर की अन्य कॉलोनियों की सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहा था। इसी दौरान अज्ञात चोर उसके ही सूने मकान में घुस गए और लाखों रुपए नकद सहित सोने के जेवरात चोरी कर फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है। लोगों का कहना है कि जब पुलिसकर्मी का घर सुरक्षित नहीं है तो आम नागरिक खुद को कैसे सुरक्षित महसूस करें। चोरी की पूरी वारदात कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हुई है। फुटेज में चार संदिग्ध युवक आते-जाते दिखाई दे रहे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है।

शहर में एक बार फिर चोरी की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। कुछ महीने पहले भी शहर में सूने मकानों, दुकानों और दिनदहाड़े चोरी की घटनाओं ने लोगों को परेशान कर दिया था। उस दौरान पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई करते हुए चोरी की घटनाओं पर काफी हद तक अंकुश लगाया गया था, लेकिन अब बीते कुछ दिनों से शहर में फिर चोरी की वारदातें सामने आने लगी हैं। हालात यह हैं कि अब अज्ञात चोर आम नागरिकों के साथ-साथ पुलिसकर्मियों के घरों को भी निशाना बनाने से नहीं चूक रहे हैं। ताजा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गर्रा के वार्ड क्रमांक 12 स्थित बॉटनिकल कॉलोनी का है, जहां अज्ञात चोरों ने रक्षित केंद्र में पदस्थ प्रधान आरक्षक सुंदरलाल पालेवार के घर को निशाना बनाया। घटना 10 मई की रात की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार प्रधान आरक्षक सुंदरलाल की उस रात 12 बजे से शहर में गश्त ड्यूटी लगी हुई थी। वे महिंद्रा कॉलोनी क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे थे और रात करीब 12 बजे अपने घर से ड्यूटी के लिए निकल गए थे। सुबह लगभग 5:20 बजे जब वे ड्यूटी खत्म कर अपने घर लौटे तो उन्होंने देखा कि घर के सामने लगे ताले टूटे हुए हैं और दरवाजा खुला पड़ा हुआ है। यह देखकर उनके होश उड़ गए। घर के अंदर जाकर देखने पर पता चला कि अज्ञात चोर घर में रखी नगदी और जेवर लेकर फरार हो चुके थे। प्रधान आरक्षक सुंदरलाल ने मीडिया से चर्चा करते हुए बताया कि उनकी कॉलोनी में पहले कभी चोरी जैसी घटनाएं नहीं हुई थीं, लेकिन पहली बार इस तरह की बड़ी वारदात सामने आई है। उन्होंने बताया कि घटना के समय घर पर कोई मौजूद नहीं था, क्योंकि वे स्वयं शहर की सुरक्षा में गश्त कर रहे थे और इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके घर को निशाना बना लिया। उन्होंने बताया कि घर में करीब 1 लाख 25 हजार रुपए नकद रखे हुए थे, साथ ही एक-एक तोले की दो सोने की अंगूठियां भी घर में रखी थीं, जिन्हें अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। चोरों ने घर के ताले काटकर अंदर प्रवेश किया और पूरी वारदात को अंजाम दिया। प्रधान आरक्षक ने यह भी बताया कि कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना कैद हुई है। फुटेज में लगभग चार अज्ञात युवक कॉलोनी में प्रवेश करते दिखाई दे रहे हैं और बाद में उनके घर में जाते हुए भी नजर आ रहे हैं। उन्होंने घटना की शिकायत कोतवाली थाने में दर्ज करा दी है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। वहीं कॉलोनी में रहने वाले बी.एल. चौधरी ने पद्मेश न्यूज़ से चर्चा करते हुए बताया कि बीते कुछ दिनों से कॉलोनी की स्ट्रीट लाइट बंद पड़ी हुई हैं। उनका कहना है कि संभवतः अंधेरे का फायदा उठाकर ही अज्ञात चोरों ने इस चोरी की घटना को अंजाम दिया है। उन्होंने कहा कि बॉटनिकल कॉलोनी एक रिहायशी क्षेत्र है, जहां अधिकतर शासकीय कर्मचारी और उनके परिवार निवास करते हैं। ऐसे में कॉलोनी की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होना जरूरी है। कॉलोनीवासियों ने मांग की है कि रात के समय क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाई जाए ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। साथ ही उन्होंने पुलिस विभाग से इस चोरी की घटना का जल्द खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग भी की है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात चोरों की तलाश में जुटी हुई है। लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं ने शहरवासियों की चिंता बढ़ा दी है और लोग अब अपनी सुरक्षा को लेकर भी सतर्क नजर आने लगे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here