अस्पताल में श्री सत्य सांई प्रेमतरू पौधारोपण कार्यक्रम का हुआ आयोजनश्री सत्य सांई सेवा संगठन ने पौधारोपण कर उसकी सुरक्षा करने का लिया संकल्प

0

लालबर्रा (पद्मेश न्यूज)। श्री सत्य सांई बाबा के जन्मशताब्दी वर्ष के अवसर पर श्री सत्य सांई सेवा संगठन के द्वारा गत तीन वर्ष से पूरे देश में १ करोड़ पौधों का रोपण करने के लिए श्री सत्य सांई प्रेमतरू पौधारोपण कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में श्री सत्य सांई सेवा संगठन लालबर्रा के द्वारा हरियाली अमावस्या के अवसर पर नगर मुख्यालय स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में गुरूवार को श्री सत्य सांई प्रेमतरू पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम बीएमओं डॉ. रीतू धुर्वे एवं श्री सत्य सांई संगठन के पदाधिकारियों की उपस्थिति में प्रारंभ हुआ। इस अवसर पर अस्पताल परिसर में विभिन्न प्रजाति के पौधों का रोपण कर उसकी सुरक्षा करने का संकल्प लिया गया। साथ ही उपस्थितजनों को श्री सत्य सांई प्रेमतरू पौधारोपण कार्यक्रम के उद्देश्य के बारे में जानकारी दी गई। चर्चा में श्री सत्य सांई सेवा संगठन लालबर्रा के पदाधिकारियों ने बताया कि श्री सत्य सांई बाबा का जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर श्री सत्य सांई सेवा संगठन के द्वारा पूरे देश में तीन वर्ष के अंदर १ करोड़ पौधे लगाने का अभियान चलाया जा रहा है ताकि प्रकृति हरा-भरा रहे और पर्यावरण को सुरक्षित रखा जा सके। इसी कार्यक्रम के तहत लालबर्रा श्री सत्य सांई सेवा संगठन को एक वर्ष में ३ हजार पौधे लगाना है और यह तीसरा वर्ष है एवं संगठन के द्वारा विभिन्न ग्रामों में श्री सत्य सांई प्रेमतरू पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित कर पौधे लगाकर लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने प्रेरित किया जा रहा है। आगे बताया कि गुरूवार को लालबर्रा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में संगठन के पदाधिकारी एवं चिकित्सक की उपस्थिति में विभिन्न प्रजाति के पौधों का रोपण कर उसकी सुरक्षा करने का संकल्प लिया गया और यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। साथ ही श्री सत्य सांई बाबा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here