इंदौर। जिले के रेडिसन चौराहे पर ट्रैफिक के दबाव को कम करने के लिए इंदौर विकास प्राधिकरण (IDA) ने 60 करोड़ रुपये की लागत से 4-लेन का नया फ्लाईओवर प्लान तैयार किया है। इससे चौराहे के ट्रैफिक में 40 से 45 फीसदी तक राहत मिलने का अनुमान है।परियोजना के मुख्य बिंदु
60 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से बनने वाले इस ब्रिज की कुल लंबाई 596 मीटर और चौड़ाई 15 से 16 मीटर होगी। चौराहे पर 70 मीटर चौड़ा स्टील गर्डर (बो-स्ट्रिंग) स्पैन तैयार किया जाएगा। यह फ्लाईओवर एमआर-10 पर विजय नगर से स्टार चौराहे की ओर जाने वाले मार्ग पर मेट्रो ट्रैक के एक तरफ बनाया जाएगा। वर्तमान में रेडिसन चौराहे से रोजाना पौने दो लाख से ज्यादा गाड़ियां गुजरती हैं। नए प्लान से पीक आवर्स के जाम से मुक्ति मिलेगी।
नया ट्रैफिक प्लान
मेट्रो पिलर के नीचे से क्रॉसिंग: विजय नगर की तरफ बनने वाली फ्लाईओवर की भुजा मेट्रो ट्रैक के बाईं तरफ रहेगी। चौराहे से करीब 200 मीटर आगे यह मेट्रो ट्रैक के तीन पिलर के बीच से गुजरकर मुख्य मार्ग (कैरेज वे) में मिल जाएगी। वहीं, स्टार चौराहे की तरफ वाली भुजा एमआर-10 के सेंटर में उतरकर दो-दो लेन में बंटेगी।
ग्रीन बेल्ट का उपयोग
सड़क चौड़ीकरण के लिए विजय नगर से रेडिसन की ओर स्थित 300 मीटर लंबे ग्रीन बेल्ट का इस्तेमाल होगा। इससे विजय नगर से खजराना और निपानिया जाने वाले वाहन नीचे बनी 3-लेन सड़क से निकलेंगे, जबकि बायपास जाने वाली गाड़ियां ब्रिज के ऊपर से गुजरेंगी। ब्रिज के नीचे 10 से 12 मीटर की सड़क भी उपलब्ध रहेगी।










































