पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। प्रदेश सरकार द्वारा समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी की प्रक्रिया शुरू हुए अभी कुछ ही समय बीता है, लेकिन सरकारी दावों और जमीनी हकीकत के बीच की खाई गहरी होती नजर आ रही है। नगर मुख्यालय के पांढरवानी से टेंगनीकला पहुंच मार्ग अनय वेयर हाउस में वृहत्ताकार सेवा सहकारी समिति लालबर्रा के द्वारा समर्थन मूल्य में गत दिवस से गेंहू की खरीदी की जा रही है। लेकिन पिछले एक सप्ताह से स्लॉट बुकिंग का सर्वर पूरी तरह ठप होने के कारण किसानों के लिए अपनी उपज बेचना एक बड़ी चुनौती बन गया है और अन्नदाता उपज विक्रय करने के लिए खरीदी केन्द्रों का चक्कर लगा रहे है। जबकि २३ मई तक स्लॉट बुकिंग किया जाना है उसके पहले ही पोर्टल नही चलने से किसान परेशान है। अगर स्लॉट बुकिंग नही होने पर किसान उपज विक्रय करने वंचित हो सकते है। किसानों ने शासन-प्रशासन से स्लॉट बुकिंग का पोर्टल जो बंद है किसी कारण वश उसे चालू करवाने की मांग की है ताकि स्लॉट बुकिंग कर किसान गेंहू उपज समर्थन मूल्य में विक्रय कर सके। वहीं लालबर्रा वृहत्ताकार सेवा सहकारी समिति के द्वारा अनय वेयर हाउस में गेंहू खरीदी की जा रही है और ५८४ किसानों ने स्लॉट बुकिंग करवाये है जिसमें से अब तक ४९० किसानों से १२, ६२५ क्विंटल गेंहू समर्थन मूल्य में खरीदी की गई है। वहीं एक सप्ताह से स्लॉट बुकिंग नही होने से शेष किसान उपज विक्रय हेतु परेशान हो रहे है और जब तक उनका स्लॉट बुकिंग नही होगा वे उपज विक्रय नही कर सकते।
नियमों के फेर में फंसा किसान
आपकों बता दे कि शासन के द्वारा समर्थन मूल्य २५८५ रूपये प्रति क्विंटल की दर से गेंहू की खरीदी की जा रही है। वहीं इस वर्ष प्रशासन के द्वारा पिछले वर्ष गर्मी के दिनों में जो जल संकट की स्थिति उत्पन्न हुई थी। उसको मद्देनजर रखते हुए इस वर्ष लालबर्रा क्षेत्र के किसानों से रबी सीजन में धान की फसल न लगाने की अपील की गई थी और कम पानी वाली फसल लगाने कहा गया था। जिसका ही परिणाम है कि इस वर्ष क्षेत्र के अधिकांश किसानों ने अपने खेतों में गेंहू की फसल लगाये और उत्पादन भी अधिक लिये है। शासन के द्वारा लालबर्रा विकासखण्ड में समर्थन मूल्य में गेंहू उपज की खरीदी के लिए मात्र एक खरीदी केन्द्र वृहत्ताकार सेवा सहकारी समिति लालबर्रा को बनाया गया है। जिनके द्वारा पूर्व में सिवनी मार्ग पावर हाउस के समीप स्थित वेयर हाउस में खरीदी की गई। जहां अव्यवस्था होने के कारण किसानों व कर्मचारियों को उपज विक्रय एवं खरीदी करने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। जहां कुछ दिनों तक खरीदी हुई उसके बाद स्थान परिवर्तन कर अब पांढरवानी-टेंगनीकला पहुंच मार्ग अनय वेयर हाउस में खरीदी की जा रही है। लेकिन वह भी इस भीषण गर्मी में खुले आसमान के नीचे खरीदी की जा रही है। जिससे किसानों व कर्मचारियों को खरीदी करने में कुछ परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही विकासखण्ड में गेंहू खरीदी के लिए एक ही खरीदी केन्द्र बनाया गया है जहां क्षेत्र भर के किसान बड़ी संख्या में उपज विक्रय करने पहुंच रहे है। वहीं गुरूवार तक वृहत्ताकर सेवा सहकारी समिति के द्वारा ४९० किसानों से १२,६२५ क्विंटल गेंहू की खरीदी की गई है। लेकिन एक सप्ताह से स्लॉट बुकिंग नही हो रहा है जिससे किसान परेशान है क्योंकि शासन द्वारा तय किये गये मापदंडों के अनुसार समर्थन मूल्य पर गेहूं बेचने के लिए पंजीयन के बाद स्लॉट बुकिंग अनिवार्य है। बिना ऑनलाइन स्लॉट बुक किये खरीदी केंद्रों पर तौल संभव नहीं है। पिछले सात दिनों से पोर्टल का सर्वर डाउन होने की वजह से किसान स्लॉट बुकिंग नहीं कर पा रहे हैं। इस तकनीकी खराबी ने पूरी खरीदी प्रक्रिया की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है।
्रशीघ्र समाधान की मांग
वहीं जिन किसानों का स्लॉट बुकिंग नही हुई है ऐसे किसान प्रतिदिन खरीदी केन्द्र और कियोस्क सेंटरों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन सर्वर एरर के कारण उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। वहीं किसानों का कहना है कि उन्होंने खून-पसीना एक कर फसल तैयार की है, लेकिन अब उसे बेचने के लिए उन्हें सिस्टम की खामियों से लडऩा पड़ रहा है। किसानों ने प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन से मांग की है कि जब पूरी प्रक्रिया को ऑनलाइन कर दिया गया है, तो तकनीकी बुनियादी ढांचे को भी मजबूत किया जाना चाहिए। सर्वर की समस्या का त्वरित निराकरण हो ताकि किसान अपनी उपज सही समय पर और सही दाम पर बेच सके और समर्थन मूल्य का लाभ ले सके।
चर्चा में वृहत्ताकार सेवा सहकारी समिति लालबर्रा के खरीदी प्रभारी गणेश लांजेवार ने बताया कि शासन के निर्देश पर गत दिवस से समर्थन मूल्य पर गेंहू खरीदी की जा रही है और ५८४ किसानों ने उपज विक्रय करने स्लॉट बुकिंग करवाये है, जिसमें से ४९० किसानों से १२,६२५ क्विंटल गेंहू की खरीदी की जा चुकी है। साथ ही यह भी बताया कि एक सप्ताह से नये स्लॉट बुकिंग कार्य ठप है, पोर्टल नही खुल रहा है सर्वर की समस्या के कारण, उक्त संबंध में उच्चाधिकारियों को अवगत करवा दिया गया है। श्री लांजेवार ने बताया कि किसान स्लॉट बुकिंग करवाने आते है, लेकिन पोर्टल नही चलने पर वापस हो रहे है। साथ ही ३१ मई तक २५८५ रूपये समर्थन मूल्य पर गेंहू की खरीदी की जायेगी।










































