बड़े वाहनों के लिए अलग रूट, बसों के लिए भटेरा में अस्थायी स्टैंड नवरात्रि में क्रॉसिंग बंद करने पर स्थानीय लोगों की चिंता,
भटेरा रेलवे क्रॉसिंग पर करीब 1313 मीटर लंबे और 8.4 मीटर चौड़े ओवरब्रिज के निर्माण को गति देने के लिए जिला प्रशासन ने अब यातायात व्यवस्था बदलने की तैयारी तेज कर दी है। 5 अक्टूबर को प्रशासन और संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भटेरा रेलवे क्रॉसिंग सहित प्रस्तावित परिवर्तित मार्ग का निरीक्षण किया। अधिकारियों का कहना है कि ओवरब्रिज निर्माण में यातायात बाधा बन रहा है, इसलिए अब रेलवे क्रॉसिंग बंद कर वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से निकालने की तैयारी की जा रही है। निरीक्षण के दौरान बालाघाट एसडीएम गोपाल सोनी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निहित उपाध्याय, नगर पुलिस अधीक्षक, सेतु विभाग के एसडीओ अर्जुन सिंह सहित नगर पालिका एवं अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने भटेरा रेलवे क्रॉसिंग से निरीक्षण शुरू किया और बैहर रोड से शिशील खरे वाली गली की ओर जाने वाले परिवर्तित मार्ग सहित अन्य स्थानों का जायजा लिया। मार्ग की चौड़ाई, सड़क की स्थिति, गड्ढों और वाहनों के आवागमन की संभावनाओं को देखा गया। एसडीएम गोपाल सोनी ने बताया कि परिवर्तित मार्ग और बाईपास को जल्द तैयार करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए हैं। ट्रैफिक विभाग की आवश्यक स्वीकृति के बाद मार्ग को शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि करीब दो दिनों में वैकल्पिक मार्ग सहित अन्य व्यवस्थाएं पूरी कर भटेरा रेलवे क्रॉसिंग को बंद किया जा सकता है। हालांकि प्रस्तावित वैकल्पिक मार्ग कई स्थानों पर संकरा होने और सड़क पर गड्ढे होने को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं। बड़े वाहनों के आवागमन में परेशानी की आशंका पर एसडीएम ने स्पष्ट किया कि यह मार्ग अस्थायी है और यहां से भारी वाहनों का संचालन नहीं किया जाएगा। हल्के वाहनों को ही इस मार्ग से निकाला जाएगा। उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य के दौरान करीब दो वर्ष तक यह अस्थायी व्यवस्था रह सकती है और आवश्यकता पड़ने पर मार्ग की कमियों को दुरुस्त किया जाएगा। बड़े वाहनों के लिए प्रशासन ने अलग रूट निर्धारित करने की तैयारी की है। नैनपुर, मंडला, लामता और परसवाड़ा की ओर से आने वाले बड़े वाहनों को मगरदर्रा से लालबर्रा की ओर डायवर्ट किया जाएगा। इसके बाद वाहन सिवनी-बालाघाट मार्ग से शहर में प्रवेश कर सकेंगे। कुछ वाहनों को गोंदिया बाईपास की ओर भी भेजा जाएगा। वहीं हल्के मोटर वाहनों को प्रस्तावित वैकल्पिक मार्ग से शहर में प्रवेश कराया जाएगा। यात्री बसों के संचालन को लेकर भी प्रशासन ने व्यवस्था तैयार की है। एसडीएम के अनुसार नैनपुर, परसवाड़ा और लामता रूट पर प्रतिदिन करीब 24 यात्री बसों के फेरे होते हैं। इन बसों के लिए भटेरा में अस्थायी बस स्टैंड तैयार किया गया है। यहां अधिकांश काम पूरा हो चुका है, जबकि बिजली और पानी की व्यवस्था की जानी है। रात में रुकने वाली बसों को भी इसी अस्थायी बस स्टैंड पर खड़ा कराया जाएगा। ओवरब्रिज निर्माण से जुड़े भू-अर्जन के मामले में प्रशासन के अनुसार अब तक करीब 206 लोगों को भू-अर्जन की राशि का भुगतान किया जा चुका है, जबकि करीब 17 प्रकरण अभी शेष हैं। प्रशासन का कहना है कि शेष लोगों को भी जल्द राशि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया चल रही है। इधर, नवरात्रि पर्व के बीच रेलवे क्रॉसिंग बंद किए जाने को लेकर स्थानीय रहवासियों ने चिंता जताई है। लोगों का कहना है कि पर्व के दौरान आवागमन अधिक रहता है, इसलिए नवरात्रि समाप्त होने के बाद क्रॉसिंग बंद की जाए। इस पर एसडीएम गोपाल सोनी ने कहा कि ओवरब्रिज का निर्माण पहले ही विलंबित हो चुका है। यदि एक पर्व के लिए काम रोका गया तो आगे आने वाले अन्य त्योहारों के कारण भी देरी होती रहेगी। उन्होंने कहा कि फिर भी स्थानीय लोगों से एक बार चर्चा कर आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जाएगा। अब प्रशासन की पूरी कवायद ओवरब्रिज निर्माण को गति देने और भटेरा रेलवे क्रॉसिंग को बंद कर यातायात को वैकल्पिक मार्ग पर शिफ्ट करने की है। लेकिन संकरे परिवर्तित मार्ग, बड़े वाहनों के डायवर्जन और शहर में बढ़ने वाले यातायात के दबाव को संभालना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती रहेगा।










































