नल.जल योजना की भूमि विवाद और कूटरचित पट्टा आवंटन के चलते पदमुक्त हुई थीं तत्कालीन सरपंच
पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। वारासिवनी जनपद पंचायत अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत एकोड़ी में प्रशासनिक उठापटक के बाद अब चुनावी बिगुल बज चुका है। पूर्व सरपंच को उनके पद से पृथक किए जाने के बाद से जारी प्रशासनिक एवं पंचायत संबंधी घटनाक्रम अब निर्वाचन के अंतिम चरण में पहुँच गया है। मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग के द्वारा पंचायतों के उपनिर्वाचन वर्ष २०२६ पूर्वाद्र्ध के तहत जारी कार्यक्रम के अनुसार क्षेत्र में उपचुनाव की प्रक्रिया तेजी से जारी है।
नल जल योजना और पट्टा आवंटन विवाद से शुरू हुआ मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार विवाद की शुरुआत ग्राम पंचायत एकोड़ी में नल जल योजना के निर्माण स्थल को लेकर हुई थी। २४ मई २०२३ को आयोजित ग्राम सभा में नल जल योजना के लिए स्थल का चयन कर प्रस्ताव पारित किया गया था जहाँ बोरवेल का निर्माण भी हुआ। हालांकि बाद में इसी भूमि को लेकर विवाद गहरा गया। शिकायतकर्ता मनोज हरिनखेंडे व अन्य पांच लोगों ने आरोप लगाया कि तत्कालीन सरपंच श्रीमती मोनिका मेश्राम ने ग्राम के पंच जयप्रकाश गणवीर के पक्ष में मुख्यमंत्री आवासीय भू.अधिकार योजना के तहत कथित रूप से कूटरचित दस्तावेज और प्रस्ताव तैयार कर पट्टा आवंटित करवाया। शिकायतकर्ताओं ने जनपद पंचायत सीईओ के प्रतिवेदन , नायब तहसीलदार के राजस्व आदेश और ग्रामसभा के प्रस्ताव सहित सभी साक्ष्य जिला पंचायत सीईओ के समक्ष प्रस्तुत कर कड़ी कार्यवाही की माँग की थी।
धारा ४० के तहत हुई थी पदमुक्ति की कार्यवाही
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने तत्कालीन सरपंच मोनिका मेश्राम को मध्यप्रदेश पंचायत राज एवं ग्राम स्वराज अधिनियम १९९३ की धारा ४० के तहत कारण बताओ नोटिस जारी किया। जवाब और दस्तावेजों की गहन जाँच के बाद २४ नवंबर को तत्कालीन सरपंच को पद से पृथक बर्खास्त करने का आदेश जारी कर दिया गया था। इसके पश्चात पंचायत संचालन के लिए ९ दिसंबर २०२५ को पंच सम्मेलन के माध्यम से वार्ड क्रमांक १ की पंच श्रीमती सरिता मेश्राम को स्थानापन्न सरपंच चुना गया था।
चुनावी मैदान में चार महिला प्रत्याशी,लिंगमारा में भी पंच पद पर नामांकन
वर्तमान में निर्वाचन प्रक्रिया के चलते सरपंच का पद रिक्त है और चार महिला प्रत्याशी मैदान में उतर चुकी हैं। नाम निर्देशन पत्र दाखिल होने के बाद श्रीमती रेखा धर्मदास मेश्राम, श्रीमती संगीता राकेश मेश्राम, श्रीमती सरिता कैलाश मेश्राम, श्रीमती मीराबाई मंगलदास मेश्राम के बीच मुख्य मुकाबला देखने को मिलेगा। इसके अतिरिक्त जनपद की ग्राम पंचायत लिंगमारा के वार्ड क्रमांक ११ में रिक्त पंच पद के लिए श्रीमती कविता वासनीक ने अपना नामांकन दाखिल किया है।
२९ सितंबर को होगा मतदान
राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार नाम निर्देशन पत्रों की जाँच व प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। अब २९ सितंबर २०२६की सुबह ७ बजे से दोपहर ३ बजे तक मतदान संपन्न कराया जाएगा। मतदान की समाप्ति के बाद निर्धारित कार्यक्रमानुसार मतगणना की जाएगी और निर्वाचन परिणामों की आधिकारिक घोषणा होगी।
इनका कहना हैं
दूरभाष पर बताया कि एकोड़ी ग्राम में सरपंच चुनाव के लिए चार नामांकन पत्र दाखिल किए गए हैं। जिनकी जांच कर चुनाव चिन्ह भी आवंटित कर दिया गया है २९ सितंबर को मतदान होना है। जिसके लिए ग्राम एकोड़ी में चार मतदान केंद्र बना दिए गए हैं और सभी प्रकार की तैयारी पूर्ण कर ली गई है।
अनिल मेश्राम खंड कार्यक्रम अधिकारी जनपद पंचायत वारासिवनी









































