ओरिएंटल कॉलेज के पास कार और बाइक में भीषण भिड़ंत, युवक गंभीर रूप से घायल

0

पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। लालबर्रा-बालाघाट हाईवे रोड पर बकोड़ा के समीप स्थित ओरिएंटल कॉलेज के पास रविवार और सोमवार की दरमियानी रात करीब १ बजे एक भीषण सडक़ हादसा हो गया। यहां एक तेज रफ्तार कार और मोटरसाइकिल के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गये और कार का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। जिसका लालबर्रा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर उपचार के लिए जिला चिकित्सालय रिफर किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बीती रात करीब १ बजे ओरिएंटल कॉलेज के समीप चौपहिया वाहन (कार) और मोटरसाइकिल में आमने-सामने से सीधी टक्कर हुई है। देर रात हुए इस हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग और राहगीर मौके पर पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों ने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी। वहीं शुरूआत में घायल की शिनाख्त नहीं हो पाई थी, लेकिन बाद में उसकी पहचान वारासिवनी निवासी करीब ३० वर्षीय मयूर के रूप में हुई है। इस सडक़ हादसे में मयूर को गंभीर चोटें आई हैं। साथ ही कार सवार कौन थे, कहा से आ रहे थे इसकी जानकारी स्पष्ट रूप से सामने नही आई है। लेकिन यह हादसा रविवार एवं सोमवार की दरमियानी रात करीब १ बजे घटित हुई है। वहीं बाइक व कार की क्षतिग्रस्त स्थिति को देखते हुए प्रतीत हो रहा है कि कार में सवार व्यक्तियों को भी मामूली चोटे आई होगी। वहीं घटना के बाद घायल बाइक सवार मयूर को राहगीरों व पुलिस की मदद से लालबर्रा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया गया। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे जिला चिकित्सालय रिफर कर दिया है। वहीं सडक़ हादसे की खबर मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here