क्या आपने गौर किया है कि कुछ डिवाइसेज ऐसे होते हैं, जो एक बार काम पर लगा दिए जाएं, तो शायद ही भूले-भटके ऑफ किए जाते हैं। WiFi राउटर उन्हीं में से एक है। हालांकि, इस वजह से अक्सर अचानक इंटरनेट की स्पीड स्लो हो जाने या कनेक्शन अटकने की समस्या आने लगती है। ऐसा होने पर अगर राउटर को बंद करके शुरू किया जाए, तो सब कुछ पहले की तरह ठीक हो जाता है। दरअसल किसी डिवाइस को बंद करके चालूं करना यानी कि रीस्टार्ट करने का तरीका बेहद कारगर साबित होता है लेकिन क्या आपने सोचा है कि असल में आपको अपने WiFi राउटर को कब-कब रीस्टार्ट करना चाहिए?
राउटर रीस्टार्ट करना क्यों जरूरी?
- समय के साथ फुल हुई कैशे मेमोरी साफ हो जाती है। इससे राउटर बेहतर तरीके से काम कर पाता है।
- इससे राउटर के बैकग्राउंड में चल रहे प्रोसेस बंद हो जाते हैं। इससे स्लो इंटरनेट और नेटवर्क लैग की दिक्कत दूर हो जाती है।
- अगर किसी डिवाइस से WiFi बार-बार डिस्कनेक्ट हो रहा हो, तो कनेक्शन स्थिर हो जाता है।
- राउटर के कुछ देर बंद होने से ओवरहीट से होने वाला नुकसान कुछ कम होता है।
- राउटर को नया और फ्रेश आईपी एड्रेस मिल पाता है। इससे सिक्योरिटी और स्पीड दोनों बेहतर होती हैं।
कब और कितनी बार करना चाहिए रीस्टार्ट
आपको अपने घर के राउटर को महीने में कम से कम एक बार जरूर रीस्टार्ट करना चाहिए। दरअसल राउटर भी अपने आप में एक छोटा कंप्यूटर ही होता है, जिसकी अपनी मेमोरी और ऑपरेटिंग सिस्टम होता है। लगातार चलने से इसकी कैशे मेमोरी जमा हो जाती है। सिर्फ एक बार रीस्टार्ट करने से राउटर की मेमोरी में जमा कचरा साफ हो जाता है और पुराने और बेकार के बैकग्राउंड प्रोसेस बंद हो जाते हैं और आपके राउटर को एक फ्रेश शुरुआत मिलती है, जिससे इंटरनेट की स्पीड हमेशा बरकरार रहती है।
राउटर को कैसे करें रीस्टार्ट?
अपने राउटर को रीस्टार्ट करने का सबसे आसान तरीका है कि आप राउटर के पावर प्लग को वॉल आउटलेट से पूरी तरह से निकाल दें। इसके बाद कम से कम 30 सेकंड से 1 मिनट तक इंतजार करें। ऐसा करने से राउटर के अंदर स्टोर अस्थायी करंट भी पूरी तरह से खत्म हो जाता है।(REF.)













































