कान्हा घूमने जा रहे परिवार की कार बस को साइड देते समय पलटी-महिला की मौत

0

बालाघाट/
जिले के रूपझर थाना क्षेत्र अंतर्गत बालाघाट बैहर मार्ग पर स्थित उदघाटी की गोलाई में 2 जून को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कान्हा राष्ट्रीय उद्यान घूमने जा रहे एक परिवार की कार सामने से आ रही यात्री बस को साइड देने के दौरान अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कार सवार महिला की मौत हो गई। जबकि उसके पति और दो बच्चों को मामूली चोटें आई हैं।मृतिका दुर्गेश्वरी उर्फ दुर्गाबाई दमाहे 35 वर्ष आमगांव जिला गोंदिया निवासी बताई गई है है। जिला अस्पताल पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।

तीन कारों से निकले थे कान्हा भ्रमण पर

प्राप्त जानकारी के अनुसार आमगांव निवासी निमेश दमाहे, जो दमाहे पेंट नाम से दुकान संचालित करते हैं।2 जून को सुबह निमेश दमाहे अपने परिवार और दोस्तों के साथ कान्हा राष्ट्रीय उद्यान घूमने के लिए निकले थे। उनके साथ मित्र कमलेश सहारे और मेगेश नागभिरे का परिवार भी अलग-अलग कारों में सवार था। कुल तीन कारों का काफिला कान्हा की ओर रवाना हुआ था।निमेश दमाहे की कार में उनकी पत्नी दुर्गेश्वरी दमाहे ,पुत्र अंश 8 वर्ष, और पुत्री रुचि 5 वर्ष सवार थे।

बस से कार को बचाने का प्रयास

सुबह लगभग 11 बजे जब यह काफिला बालाघाट से बैहर की ओर जा रहा था। तभी उदघाटी की खतरनाक गोलाई पर बैहर से बालाघाट आ रही एक यात्री बस अचानक निमेश दमाहे की कार के सामने आ गई। टक्कर से बचने के लिए उन्होंने कार को सड़क के किनारे उतारने का प्रयास किया। लेकिन वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।
कार पलटते ही उसमें सवार सभी लोग अंदर फंस गए। पीछे आ रही अन्य कारों में सवार साथी तुरंत मौके पर पहुंचे। राहगीरों की भीड़ भी एकत्र हो गई और काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे सभी लोगों को बाहर निकाला गया।

सिर में गंभीर चोट लगने से महिला की मौत

हादसे में दुर्गेश्वरी दमाहे के सिर में गंभीर चोट आई थी। घटनास्थल उनके सर से निकले खून से सन गया था। जबकि उनके पति और दोनों बच्चों को मामूली चोटें आईं। गंभीर रूप से घायल दुर्गेश्वरी को दोस्तों की कार से दोपहर करीब 1:30 बजे जिला अस्पताल बालाघाट लाया गया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिये।प्रत्यक्ष परिस्थितियों और घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि दुर्गेश्वरी की मौत दुर्घटना स्थल पर ही हो चुकी थी।घटना की सूचना मिलते ही मृतका के मायके और ससुराल पक्ष के अलावा बालाघाट जिले में रहने वाले रिश्तेदार भी जिला अस्पताल पहुंच गए। जिला अस्पताल पुलिस ने निमेश दमाहे के बयान दर्ज करने के बाद दुर्गेश्वरी का शव का पंचनामा कार्यवाही पश्चात पोस्टमार्टम करवा कर उनके परिजनों को सोप दिए।चूंकि दुर्घटना रूपझर थाना क्षेत्र में हुई है। इसलिए जिला अस्पताल पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत मर्ग कायम कर प्रकरण अग्रिम जांच एवं कार्रवाई के लिए रूपझर थाना भेज दिया है।

दर्दनाक हादसे ने खुशियों भरे सफर को मातम में बदला

कान्हा राष्ट्रीय उद्यान की सैर के लिए उत्साहपूर्वक निकला परिवार कुछ ही घंटों में एक भीषण हादसे का शिकार हो गया। परिवार की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं जब यात्रा के दौरान हुई दुर्घटना में एक महिला की जान चली गई। ग्राम आमगांव में इस घटना से शोक का माहौल है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here