किचन में कॉकरोच, एक्सपायरी खाना और गंदगी… एयरोसिटी के दो बड़े होटलों में क्या-क्या मिला? FSSAI की जांच में खुलासे

0

FSSAI Inspection: दिल्ली के एयरोसिटी इलाके में स्थित दो बड़े होटल की किचन में FSSAI की जांच के दौरान खाद्य सुरक्षा और साफ-सफाई से जुड़ी कई गंभीर खामियां सामने आई हैं।FSSAI Inspection: दिल्ली के एयरोसिटी इलाके में स्थित दो बड़े होटल (Andaz Delhi और JW Marriott New Delhi) की किचन में FSSAI की जांच के दौरान खाद्य सुरक्षा और साफ-सफाई से जुड़ी कई गंभीर खामियां सामने आई हैं। दोनों होटलों में अलग-अलग दिन हुए निरीक्षण में एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री, कॉकरोच, गंदे बर्तन, खराब रेफ्रिजरेटर, पानी का रिसाव और वेज-नॉनवेज खाद्य पदार्थों की सही तरीके से अलग-अलग स्टोरेज न होने जैसी कमियां दर्ज की गईं।

Andaz Delhi by Hyatt में FSSAI की टीम ने निरीक्षण किया। रिपोर्ट में बताया गया कि किचन में वेज और नॉन-वेज सामान को अलग रखने की व्यवस्था ठीक नहीं थी। दोनों के कटिंग बोर्ड एक ही पानी के कंटेनर में मिले। कुछ एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री भी मिली, जबकि चिलर के आसपास बदबू और कीड़ों की गतिविधि देखी गई। रूम डाइनिंग किचन में कॉकरोच और मक्खियां मिलीं और वेज बर्नर पर नॉन-वेज खाना तैयार किया जा रहा था।

सबसे बड़ी खामी हलवाई एरिया में मिली, जहां करीब 87 किलो एक्सपायर्ड मिठाइयां रखी थीं। इन्हें मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। पेस्ट्री सेक्शन में एक्सपायर्ड केक बेस के साथ मक्खियां और कॉकरोच भी मिले। खरीद और सप्लाई की प्रक्रिया में भी कमियां सामने आईं और वेज-नॉनवेज सामान के लिए अलग रिसीविंग व्यवस्था नहीं मिली।59 खामियां आईं सामने

दूसरी तरफ, JW Marriott New Delhi में FSSAI की टीम ने 24 और 25 अगस्त को करीब दो दिन तक निरीक्षण किया। यहां कुल 59 तरह की कमियां दर्ज की गईं। रिपोर्ट के मुताबिक, होटल की अलग-अलग किचन, बेकरी, कॉफी शॉप, स्टोरेज और बॉटलिंग एरिया में खाद्य सुरक्षा नियमों से जुड़ी कई खामियां मिलीं।

गंदे बर्तन, खराब फ्रिज और ड्रेनेज की समस्या

जांच में कुछ खाद्य पदार्थों के लिए जरूरी लाइसेंस/एंडोर्समेंट की कमी, गलत लेबलिंग, पानी में दिखाई देने वाला कण, कॉकरोच और फ्रूट फ्लाइज, गंदे और ठीक से साफ न किए गए बर्तन, खराब फ्रिज और फ्रीजर, टूटी टाइलें, पानी का रिसाव और ड्रेनेज की समस्या सामने आई। कुछ जगह सड़े हुए फल और खुले में रखे खाद्य पदार्थ भी मिले।

खाद्य पदार्थों की पहचान में भी गंभीर लापरवाही सामने आई। रिपोर्ट के मुताबिक एक जगह प्रॉन को ‘जूस’ और जूस को ‘प्रॉन’ के नाम से लेबल किया गया था। बेकरी में कॉकरोच, टूटे कंटेनर और खाद्य सामग्री में हेयरनेट मिलने जैसी कमियां भी दर्ज हुईं। इसके अलावा कुछ खाद्य पदार्थों को तय तापमान पर स्टोर नहीं किया गया था।कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता को लेकर भी सवाल उठे। कुछ शेफ ज्वेलरी पहने हुए खाना संभालते मिले, जबकि एक कर्मचारी खुले घाव के बावजूद खाना बनाने के काम में लगा था। कुछ कर्मचारियों के हेयरनेट भी ठीक तरीके से नहीं लगे थे। कई जगह खुले बिजली के तार और खराब प्लग-सwitch भी मिले। पानी की बोतलिंग वाले हिस्से में स्टोरेज टैंक में जंग भी पाई गई।

ब्रिक्स सम्मेलन से पहले होटल किचन की जांच अहम

सूत्रों के मुताबिक, दोनों होटल दिल्ली के एयरोसिटी इलाके में स्थित हैं और ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान आने वाले विदेशी मेहमानों के ठहरने के लिए इस्तेमाल किए जाने हैं। ऐसे में इन होटलों की खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हुई FSSAI जांच को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, उपलब्ध निरीक्षण रिपोर्ट में विदेशी मेहमानों के ठहरने की बात दर्ज नहीं है; यह जानकारी सूत्रों के हवाले से सामने आई है।

FSSAI ने दोनों मामलों में होटल प्रबंधन को सामने आई कमियों पर सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। JW Marriott में जांच के दौरान कई खाद्य पदार्थों के सैंपल भी लिए गए, जबकि Andaz Delhi में घी, मेयोनीज, दाल, सॉस और अन्य खाद्य उत्पादों के नियामक और निगरानी नमूने लिए गए थे। कुल मिलाकर, दोनों होटलों की जांच में सफाई, खाद्य पदार्थों के स्टोरेज, तापमान नियंत्रण, कीट नियंत्रण, लेबलिंग और वेज-नॉनवेज खाद्य पदार्थों की अलग व्यवस्था से जुड़े सवाल सामने आए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here