25-30 को पुलिस ने उठाया, 80 से अधिक लोग एफआईआर के लिए चिन्हित
सीसीटीवी फुटेज खंगालकर प्रदर्शनकारियों की पहचान जारी
कई प्रदर्शनकारी भी रडार पर, संख्या और अधिक बढ़ने की जताई जा रही आशंका,
पुलिस ने किरनापुर में निकाला फ्लैग मार्च, शांति बनाए रखने की अपील
फोटो
पदमेश न्यूज़, बालाघाट।किरनापुर थाना घेराव और प्रदर्शन के दौरान हुए पथराव वाले मामले में पुलिस ने अब बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना में शामिल 80 से अधिक लोगों को एफआईआर के लिए चिन्हित किया गया है। इनमें से करीब 25 से 30 लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है, जबकि अन्य चिन्हित लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।बताया जा रहा है कि पुलिस द्वारा घटना के दौरान बनाए गए सीसीटीवी फुटेज और उपलब्ध वीडियो रिकॉर्डिंग को खंगालकर प्रदर्शन में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस की जांच में अभी और लोगों के नाम सामने आने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में चिन्हित किए जा रहे लोगों की संख्या बढ़ सकती है।
थाने के घेराव के बाद पुलिस का एक्शन
ज्ञात हो कि किरनापुर थाने में दर्ज चोरी के मामले में कथित आरोपी के साथ मारपीट और उसकी गर्भवती पत्नी के साथ थाने में कथित मारपीट के आरोपों को लेकर मरार समाज सहित अन्य लोगों ने मंगलवार को थाने का घेराव किया था। प्रदर्शन के दौरान स्थिति बिगड़ने पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव हुआ था।स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े थे। घटना में पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई थी। इसके बाद से ही पुलिस द्वारा मामले में शामिल लोगों की पहचान और कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी।
सीसीटीवी फुटेज बना कार्रवाई का आधार
पुलिस अब घटना के दौरान थाने के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के साथ ही सामने आए वीडियो की जांच कर रही है। इनमें पथराव, पुलिस के साथ धक्का-मुक्की और अन्य गतिविधियों में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस की कार्रवाई का दायरा बढ़ने के संकेत हैं और कई अन्य लोग भी पुलिस के रडार पर बताए जा रहे हैं।
क्षेत्र में किया फ्लैग मार्च, शांति की अपील
उधर घटना के दूसरे दिन बुधवार को किरनापुर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने फ्लैग मार्च भी किया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। फिलहाल क्षेत्र में पुलिस बल की मौजूदगी बढ़ाई गई है और पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी जा रही है।
एक नजर में
80 से अधिक लोग एफआईआर के लिए चिन्हित
25 से 30 लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया
सीसीटीवी और वीडियो फुटेज से हो रही पहचान
अन्य लोगों के नाम भी जांच के दायरे में
थाना घेराव के दौरान हुआ था पथराव
पुलिस ने किया था लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल
घटना के बाद किरनापुर में पुलिस का फ्लैग मार्च
सभी पर दर्ज होगी एफआईआर- राजकुमार
इस पूरे मामले को लेकर दूरभाष पर की गई चर्चा के दौरान किरनापुर थाना प्रभारी राजकुमार चौधरी ने बताया कि मंगलवार को मरारमाली समाज द्वारा किए गए थाने के घेराव के दौरान प्रदर्शनकारियों ने उग्र रुख अपनाते हुए पत्थर बाजी शुरू कर दी थी पुलिस के साथ धक्का मुक्की की गई ,वही पत्थर बाजी में 15 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं कुछ का इलाज स्थानीय स्तर पर चल रहा है तो कुछ पुलिस कर्मियों को बेहतर उपचार के लिए गोंदिया रिफर किया गया है जहां उनका उपचार जारी है।इस मामले में 25 से 30 लोगों को पूछताछ के लिए उठाया गया है,वही 70 से 80 लोगों को चिन्हित किया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अन्य प्रदर्शनकारियों की भी पहचान की जा रही है।सभी पर नियमानुसार कार्यवाही की जा रही है सभी पर एफआईआर दर्ज कर न्यायालय में पेश किया जाएगा।










































