एक घंटे की बारिश में सडक़ हुई जलमग्न

0

सविता टॉकीज के सामने जलभराव से राहगीर और रहवासी परेशान

पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। नगर के रामपायली रोड़ स्थित सविता टॉकीज के सामने बुधवार को करीब एक घंटे हुई तेज बारिश के बाद सडक़ पर जलभराव की स्थिति निर्मित हो गई। पानी निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण करीब ५० मीटर के दायरे में सडक़ पर पानी जमा रहा। जिससें राहगीरों, वाहन चालकों और सडक़ किनारे निवासरत लोगों को काफ ी परेशानियों का सामना करना पड़ा। नागरिकों ने स्थानीय प्रशासन से जल निकासी की स्थायी व्यवस्था किए जाने की मांग की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार की सुबह से ही नगर में तेज धूप और उमस का वातावरण बना हुआ था। दोपहर करीब १२.३० बजे अचानक मौसम बदला और आसमान में काले बादल छा गए। इसके कुछ ही देर बाद तेज बारिश शुरू हो गई जो करीब एक घंटे तक जारी रही। बारिश के दौरान रामपायली रोड स्थित सविता टॉकीज के सामने सडक़ पर पानी तेजी से जमा होने लगा और देखते ही देखते जलभराव की स्थिति गंभीर हो गई। सडक़ पर पानी जमा होने के कारण इस मार्ग से गुजरने वाले दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को परेशानी हुई। वहीं वाहनों के आवागमन के दौरान सडक़ पर जमा पानी उछलकर पैदल चलने वाले लोगों तथा सडक़ किनारे स्थित दुकानों और मकानों तक पहुंचता रहा। सडक़ किनारे रहने वाले लोगों के घरों के दरवाजों तक पानी पहुंचने से उन्हें भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय नागरिकों के अनुसार सविता टॉकीज के सामने जलभराव की समस्या नई नहीं है। बीते कई वर्षों से बारिश के दौरान इस स्थान पर इसी प्रकार की स्थिति बनती आ रही है। पानी निकासी की पुख्ता व्यवस्था नहीं होने के कारण थोड़ी देर की तेज बारिश में ही सडक़ पर पानी जमा हो जाता है। बताया जाता है कि कुछ वर्ष पूर्व प्रशासन के द्वारा पानी निकासी के उद्देश्य से डिवाइडर को बीच से काटकर पानी को दूसरी ओर निकालने का प्रयास किया गया था लेकिन यह व्यवस्था भी प्रभावी साबित नहीं हुई। नाली के दोनों ओर पानी निकासी के छोर पर्याप्त रूप से खुले नहीं होने के कारण पानी आगे नहीं निकल पाता और ओवरफ्लो होकर सडक़ पर जमा हो जाता है। बार बार उत्पन्न होने वाली इस समस्या से राहगीरों और स्थानीय रहवासियों में परेशानी बनी हुई है। नागरिकों ने प्रशासन से व्यवस्था बनाने की मांग की है कि मौके पर जलभराव की स्थिति निर्मित नही हो और लोगों को हर वर्ष होने वाली परेशानी से राहत मिल सके। राहगीर जयराम गौतम ने बताया कि यह रामपायली रोड सविता टॉकीज के सामने का स्थान है जहां थोड़ी बहुत बारिश में भी जलभराव की स्थिति निर्मित हो जाती है। अभी फि र से यहां पानी बहुत जाम हो गया है जिससे रहागीरो को समस्या हो रही है यह मुख्य मार्ग है। जहां से राहगीर नगरवासी ग्रामीण विद्यार्थी सभी आना जाना करते हैं। नगर पालिका के द्वारा अभी तक इस समस्या का समाधान नहीं किया गया है यहां मूल समस्या पानी निकासी की है जो नहीं होने के कारण स्थिति इतनी बिगड़ गई है। प्रशासन को पानी निकासी की व्यवस्था बनाना चाहिए।

इनका कहना हैं

दूरभाष पर बताया कि गुरुवार को उक्त स्थल का मौका निरीक्षण कर कारण का पता कर स्थाई निराकरण करने प्रयास किया जायेगा।

सूर्यप्रकाश उके मुख्य नगर पालिका अधिकारी वारासिवनी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here