भारतीय क्रिकेट के लिए बुधवार, 6 मई को एक दुखद खबर आई। पंजाब के पूर्व तेज गेंदबाज और किंग्स XI पंजाब के खिलाड़ी अमनप्रीत सिंह गिल का 36 साल की उम्र में निधन हो गया। इसके चलते भारतीय क्रिकेट जगत में शोक की लहर दौड़ गई। अमनप्रीत सिंह गिल ने पंजाब टीम के लिए घरेलू क्रिकेट खेला था और उन्हें एक जोशीले और समर्पित तेज गेंदबाज के तौर पर जाना जाता था। अमनप्रीत के निधन पर युवराज सिंह ने श्रद्धांजलि दी।
उन्होंने 2007 में श्रीलंका में हुई अंडर-19 ट्राई-सीरीज़ में भारत का प्रतिनिधित्व भी किया था, जहां वे विराट कोहली और मनीष पांडे जैसे खिलाड़ियों के साथ खेले थे। उस टूर्नामेंट के दौरान, अमनप्रीत ने पांच मैचों में 9 विकेट लिए थे और बांग्लादेश के खिलाफ फाइनल में एक मैच-जिताऊ प्रदर्शन करते हुए अहम भूमिका निभाई थी।
युवराज सिंह ने दी श्रद्धांजलि
उनके निधन की खबर मिलने के बाद, भारत के पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह ने एक्स हैंडल पर श्रद्धांजलि देते हुए एक भावुक पोस्ट शेयर की, जिसमें उन्होंने अपने शुरुआती दिनों को याद किया। युवराज ने लिखा, अमनप्रीत सिंह गिल के निधन की खबर सुनकर गहरा दुख हुआ। हमने अपने शुरुआती दिनों में ड्रेसिंग रूम साझा किया था। वह एक शांत, मेहनती क्रिकेटर थे जिन्हें खेल से बहुत प्यार था। उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं। उनकी आत्मा को शांति मिले। ओम शांति।










































