रायसेन जिले की गैरतगंज तहसील में आने वाली गढ़ी रेंज अंतर्गत सांकल गांव में तेंदुआ खेतों में बाड़ के रूप में लगाई गई जाली में फंस गया। यह घटना शनिवार-रविवार की दरमियानी रात की है। सुबह मवेशियों को चराने निकले ग्रामीणों ने जब तेंदुए को खेत की जाली में फंसा हुआ देखा, तो इसकी जानकारी वन विभाग गढ़ी एवं देहगांव पुलिस को दी। संभवत: यह तेंदुआ पानी पीने के लिए जंगल से नदी की ओर आया और जाली में फंस गया।
तेंदुए की आमद से ग्रामीण काफी भयभीत हैं। उक्त तेंदुआ गांव के निवासी रामकिशन आदिवासी के खेत की सुरक्षा के लिए लगी जाली में फंसा है। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल भी वहां मौजूद है। वन परिक्षेत्र अधिकारी रजनीश शुक्ला ने बताया कि भोपाल से वन विहार भोपाल की टीम को बुलाया गया है, जो रेस्क्यू कर तेंदुए को निकालेगी।










































