चाकूबाजी कर लूट की वारदात का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार,

0

शहर में बीती रात हुई चाकूबाजी और लूट की गंभीर घटना का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खुलासा कर दिया है। पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा ने स्थानीय पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित प्रेस वार्ता में मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि थाना कोतवाली में धारा 109(1), 309(6), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार 16 अप्रैल की रात करीब 8:30 बजे यूपेश लिल्हारे अपने साथियों पियूष रूसे और अर्जुन के साथ वैनगंगा नदी किनारे स्थित जागपुर घाट शिव मंदिर के पास घूमने गए थे। इसी दौरान तीन अज्ञात युवकों ने उन्हें अकेला पाकर चाकू दिखाकर डराया-धमकाया और उनके पास से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा 4 हजार रुपये नगद लूट लिए। विरोध करने पर आरोपी मीत बिसेन ने पियूष रूसे के पेट में चाकू से हमला कर दिया, वहीं बीच-बचाव करने पर यूपेश लिल्हारे पर भी चाकू से वार किया गया, जिससे वह घायल हो गया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पल्सर मोटरसाइकिल से मौके से फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा सात अलग-अलग टीमों का गठन किया गया। टीमों ने सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए संदिग्धों की तलाश शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में अक्षय वर्मा उर्फ प्रिंस (22 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक 19 प्रेमनगर, मीत बिसेन (18 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक 27 प्रेमनगर तथा एक 17 वर्षीय नाबालिग शामिल है। पुलिस के अनुसार सभी आरोपी पूर्व से आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहे हैं और इनके खिलाफ मारपीट, चोरी एवं अन्य मामलों में प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू, पल्सर मोटरसाइकिल, लूटा गया मोबाइल फोन और 4 हजार रुपये नगद जब्त किए हैं। फिलहाल मामले की विवेचना जारी है।

इस तरह हुई थी वारदात

पीयूष रुषे और यूपेश लिल्हारे दोनों छात्र बालाघाट पॉलिटेक्निक कॉलेज के पीछे किराए के कमरे में रहकर पीजी कॉलेज में पढ़ाई कर रहे हैं। 16 अप्रैल की रात्रि 8 बजे पीयूष रुषे और यूपेंश लिल्हारे दोनो जागपुर घाट रात्रिकालीन मैच देखने गए थे। इसी दौरान बाइक सवार तीन युवक वहां पहुंचे और उन्हें बोले की तुम लोग यहां क्यों आए हो और कहा के रहने वाले हो। पीयूष ने उन्हें बोला कि हम लोग यहां किराए से रहकर पढ़ाई करते हैं। इसके बाद उन्हें बोला गया कि तीन दिन पहले यहा एक लड़की के साथ रेप हुआ है तुमको कुछ मालूम है क्या। पीयूष ने उन्हें बोला कि हमें इस संबंध में कुछ मालूम नहीं है। इसके बाद तीन युवक इन छात्रों के जेब की तलाशी लेने लगेऔर जेब से मोबाइल निकाल कर चेक करने लगे ।पीयूष और उसके साथियों ने उनसे मोबाइल मांगे किंतु उन्होंने मोबाइल वापस ना करते हुए जेब में रख लिए। जिसका विरोध करने पर एक युवक ने चाकू निकालकर पियूष के पेट में वार कर दिया। वहीं युपेश द्वारा बीच-बचाव करने पर उस पर भी चाकू से हमला कर दिये जिससे उसके हाथ में चोट आई। आरोपियों ने दोनों के साथ मारपीट कर मोबाइल छीन लिया और मौके से फरार हो गए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here