जैसे अचानक शुरू हुई थी अमृतसर उड़ान,वैसे ही हो गई बंद

0

एयर इंडिया द्वारा पिछले माह अचानक शुरू की गई इंदौर-अमृतसर उड़ान को अचानक ही बंद कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि विमान की कमी से इस उड़ान को बंद किया गया है। इससे पहले एयर इंडिया ने घोषणा के बाद भी शारजाह उड़ान को इसी विमान की कमी के कारण शुरू नहीं किया था।

जानकारी के अनुसार एयर इंडिया ने यात्रियों की मांग को देखते हुए इंदौर से अमृतसर के लिए साप्ताहिक उड़ान शुरू की थी। सुबह मुंबई से उड़ान आकर अमृतसर जाती थी। वहीं विमान अगले दिन वापस आकर मुंबई जाता था। इस तरह से दोनों शहरों के बीच में सीधी उड़ान तो शुरू हुई थी। साथ ही मुंबई के लिए अतिरिक्त उड़ान भी मिल गई थी। ट्रेवल एजेंटों ने बताया कि कंपनी ने अचानक इस उड़ान को सिस्टम से हटा लिया है, जिससे पता ही नहीं चल रहा है कि उड़ान का क्या हुआ है।

वहीं जो पहले बुकिंग कर चुके हैं, उन्हें रिफंड का विकल्प मिलेगा, लेकिन इस उड़ान को बंद कर देना समझ से परे है, क्योंकि इस सीधी उड़ान की लंबे समय से मांग चल रही थी। वहीं इसे बेहतर रिस्पांस भी मिल रहा था। इधर एयर इंडिया सूत्रों के अनुसार इस रूट पर चल रहे विमान को दूसरे रुट पर शिफ्ट किया गया है, इसलिए इस उड़ान को बंद कर दिया गया है। एयर इंडिया के अधिकारी इस संबध में कुछ नहीं बता पा रहे है।

इस उड़ान को शुरू करते समय एयर इंडिया ने अपने स्थानीय अधिकारियों को भी सूचना नहीं दी थी। जनप्रतिनिधियों ने मिडिया को पहले सूचना दी थी कि एयर इंडिया अमृतसर उड़ान शुरू करने जा रही है। प्रबंधन ने भी इस संबध में नाराजगी जाहिर की थी। अब इस उड़ान को फिर से अचानक बंद कर दिया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here