देश की विद्युत वितरण कंपनी में डिजिटल लेनदेन में मध्यप्रदेश की पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड जबलपुर ने पहला स्थान हासिल किया है। कंपनी ने दिसंबर 2021 में कुल लेनदेन में से 91.13 प्रतिशत डिजिटल माध्यम से किया है। ये आंकड़े बीते दिसंबर माह के है। इसमें गवर्नमेंट आफ गोवा बिजली विभाग दूसरे तथा टाटा पावर मुंबई तीसरे स्थान पर रहीं। कंपनी के प्रबंध संचालक अनय द्विवेदी ने इस अच्छे संकेत मानते हुए सभी कर्मियों की सराहना की है।
24,78,282 उपभोक्ता ने किया लेनदेन : पूर्व क्षेत्र कंपनी ने दिसंबर माह में कुल 24,78,282 उपभोक्ता का लेनदेन किया। जिसमें 22,58,460 उपभोक्ता का लेनदेन डिजिटल माध्यम से किया गया। पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा दिसंबर माह में संग्रहित की गई कुल राजस्व राशि 519.11 करोड़ रुपये में से 390.45 करोड़ रुपये उपभोक्ताओं द्वारा डिजिटल माध्यमों से जमा किए गए हैं।
बिल जमा करने ये सुविधा : मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड जबलपुर द्वारा बिजली बिलों के भुगतान के लिए विभिन्न पेमेन्ट गेटवे को अधिकृृत किया गया है जिसमें क्रेडिट कार्ड, डेविट कार्ड, पेमेन्ट वालेट्स, इंटरनेट बेक्रिंग, यूपीआइ आदि विभिन्न डिजिटल माध्यमों से सुरक्षित एवं आसानी से भुगतान किया जा सकता है।
5 से 20 रुपये का फायदा : डिजिटल माध्यम से बिल भुगतान से बिजली कंपनी को जहां आसानी से सीधे खाते में राशि मिलती है वहीं उपभोक्ता को भी इसका लाभ पांच रुपये से अधिकतम 20 रुपये के रूप में मिलता है। आनलाइन भुगतान के बाद आगामी माह के बिल में यह राशि छूट के रूप में दी जाती है।











































