देश में कोरोना संक्रमण के मामलों में एक ओर लगातार कमी हो रही है, वहीं कुछ राज्यों में इसके मामले अभी भी बढ़ ही रहे हैं। ऐसे राज्यों में फिलहाल केरल सबसे आगे है। केरल में कई दिनों से दैनिक मामले 50 हजार से ज्यादा दर्ज हो रहे हैं। बुधवार को मिले आंकड़ों के मुताबिक भी केरल में पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 52,199 नए केस दर्ज किए गए, और 29 लोगों की मौत हो गई। इसमें दस्तावेजों की कमी के कारण संक्रमण के 136 मौतों को नहीं जोड़ा गया। केरल में कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या 3,77,823 है, जबकि कोरोना से हुई मौतों की संख्या बढ़कर 56,100 हो गई है। केंद्र सरकार की नई गाइडलाइन के मुताबिक, 335 मौतों को कोरोना से हुई मृत्यु की सूची में शामिल किया गया है।
कई दिनों से 50 हजार से ऊपर मामले
केरल में मंगलवार को भी कोरोना वायरस के 51,887 नए मामले दर्ज हुए, जबकि सोमवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 42,154 नए मामले सामने आए थे। रविवार और शनिवार को भी प्रदेश में कोरोना के 50 हजार से ज्यादा मामले दर्ज किये गये थे। केरल में कोरोना के बढ़ते मामलों के चलते रविवार को कर्फ्यू भी लगाया गया था।










































