मिठाई, तोरण और रंगोली प्रतियोगिता में माताओं ने दिखाया हुनर
पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। बचपन प्ले स्कूल में दीपावली पर्व के उपलक्ष्य में आयोजित तीन दिवसीय दिवाली महोत्सव का रंगोली प्रतियोगिता के साथ समापन हुआ। इस अवसर पर स्कूल प्राचार्य श्रीमती अमिता पारधी सहित अन्य गणमान्यजनों की उपस्थिति में प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। तीन दिनों तक आयोजित इस महोत्सव में विद्यार्थियों की माताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। महोत्सव के प्रथम दिन मिठाई निर्माण प्रतियोगिता, दूसरे दिन तोरण निर्माण प्रतियोगिता तथा अंतिम दिन रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई। रंगोली प्रतियोगिता में माताओं ने सांस्कृतिक, देशभक्ति, धार्मिक एवं अन्य आकर्षक विषयों पर मनमोहक रंगोलियां उकेरीं। प्रतिभागियों के द्वारा रंगों और कलात्मक कल्पनाओं का सुंदर समन्वय प्रस्तुत किया गया। प्रतियोगिता के बाद बाहरी निर्णायक मंडल ने सभी प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों का बारीकी से अवलोकन कर अंक प्रदान किए तथा श्रेष्ठ प्रदर्शन के आधार पर विजेताओं का चयन किया। तीनों प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्रदान किया गया। वहीं अन्य प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया। सभी विजेताओं को उपहार एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिताओं में यह रहे विजेता
इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता में आयोजित मिठाई निर्माण प्रतियोगिता में सोनाली रुसिया ने प्रथम, पूजा श्रीवास एवं नरेंद्र खंडेलवाल ने द्वितीय तथा रिशु ठाकरे ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार तोरण निर्माण प्रतियोगिता में पल्लवी खंडेलवाल एवं पारुल सोहाने ने प्रथम, साक्षी जैन एवं प्रीति कटरे ने द्वितीय तथा राखी ठाकरे, शिल्पा चिमनानी एवं प्रभा बिसेन ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं रंगोली प्रतियोगिता में रीना रहांगडाले एवं रीना आहूजा ने प्रथम, मुनमुन जैन ,किरण रिजवानी एवं अपर्णा डोमडे ने द्वितीय तथा सृष्टि मंडलेकर एवं प्रिया यादव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
दीपावली की परंपराओं से बच्चों को परिचित कराना मुख्य उद्देश्य- अमिता पारधी
प्राचार्य श्रीमती अमिता पारधी ने बताया कि दीपावली पर्व के आगमन को देखते हुए प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी तीन दिवसीय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें मिठाई निर्माण, तोरण निर्माण एवं रंगोली निर्माण जैसी गतिविधियां शामिल की गईं। इन प्रतियोगिताओं के आयोजन का मुख्य उद्देश्य बच्चों को दीपावली पर्व से जुड़ी परंपराओं, रचनात्मक गतिविधियों और सांस्कृतिक महत्व से परिचित कराना है, ताकि वे इन कार्यों को सीख सकें और अपनी संस्कृति से जुड़ाव महसूस करें। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की माताओं ने बड़ी संख्या में उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा के माध्यम से बच्चों का उत्साहवर्धन किया। तीनों दिन निष्पक्ष मूल्यांकन के लिए बाहरी निर्णायक मंडल को आमंत्रित किया गया था। जिनके द्वारा प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों का आकलन कर परिणाम घोषित किए गए। अंत में सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए तीन दिवसीय दिपावली महोत्सव का समापन किया गया।







































