क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका (सीएसके) की नई टी20 लीग के लिए होने वाली नीलामी में किसी भी भारतीय खिलाड़ी को शामिल नहीं किया जाएगा। इसका कारण है कि भारतीय बोर्ड (बीसीसीआई) ने संन्यास से पहले किसी भी खिलाड़ी को विदेशी लीग में खेलने की अनुमति नहीं दी है। सीएसके के सभी मालिक आईपीएल टीम से जुड़े हैं। चेन्नई सुपरकिंग्स ने जोहानिसबर्ग टीम खरीदी है वहीं मुंबई इंडियंस ने केपटाउन, सनराइजर्स हैदराबाद ने ईस्टर्न कैप, लखनऊ सुपर जायंट्स को डरबन, राजस्थान रॉयल्स ने पार्ल और दिल्ली कैपिटल्स ने प्रिटोरिया टीम खरीदी है।
जिन टीमों के लिए बोली लगेगी उनके नाम एमआई केपटाउन, डरबन सुपर जायंट्स, जोहानिसबर्ग सुपरकिंग्स, पार्ल रॉयल्स, प्रिटोरिया कैपिटल्स और सनराइजर्स ईस्टर्न कैप है। इसकी नीलामी सूची में कुल 533 खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। यह लीग अगले साल जनवरी-फरवरी में होगी। लीग के नियम के अनुसार, एक टीम में ज्यादा से ज्यादा 17 खिलाड़ी हो सकते हैं। इसमें 7 विदेशी और 10 दक्षिण अफ्रीका के होने चाहिए। वहीं अंतिम -11 में 4 विदेशी खेल सकते हैं। 533 खिलाड़ियों की नीलामी में 248 खिलाड़ी दक्षिण अफ्रीका के हैं। वहीं एक टीम 16 करोड़ तक की रकम खिलाड़ियों के खरीदने पर खर्च कर सकती हैं। ऑक्शन में सबसे अधिक आधार मूल्य 80 लाख रुपए रखा गया है। इस टूर्नामेंट में कुल 33 मुकाबले होने हैं। इसमें सभी टीमें एक-दूसरे से 2-2 बार खेलेंगी। इसके बाद नॉकआउट के मुकाबले होंगे।










































