वारासिवनी(पद्मेश न्यूज)। वारासिवनी जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत दीनी से लिंगमारा मार्ग की स्थिति जर्जर हो चुकी है। जिसमें जगह जगह छोटे बड़े गड्ढे हो गए हैं जिसके कारण वाहनों को आवागमन करने में काफ ी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जबकि यह मार्ग सीधे महाराष्ट्र को जोड़ता है जिस पर यातायात का दबाव बना रहता है। वहीं ग्रामीण भी अपनी जरूरत के लिए प्रत्येक दिन इसी मार्ग से वारासिवनी और बालाघाट आवागमन करते हैं जिन्हें दुर्घटनाओं का भी शिकार होना पड़ रहा है। यहां से सबसे ज्यादा विद्यार्थी साइकिलों से आते जाते हैं जिन्हें समस्या बनी हुई है रोड़ पर रेत और बारीक गिट्टी फैलने से वाहन और साइकिल दोनों स्लिप हो रहे हैं। इसको लेकर राहगीरो सहित ग्रामीणों के द्वारा मार्ग का पुन: डामरीकरण या मरम्मत कर बेहतर मार्ग बनाए जाने की मांग कर रहे है जिससे कि सभी सुरक्षित रूप से आवागमन कर सके।
मार्ग पर यातायात का बना रहता है दबाव
ग्राम दीनी से लिंगमारा की ओर एक मार्ग निकलता है जो सीधा बालाघाट या नदी के पुल बनने से महाराष्ट्र से आता है। जहां पर उच्च स्तरीय पुल का निर्माण हो जाने से सीधा महाराष्ट्र से यह मार्ग जोड़ता है। ऐसे में महाराष्ट्र गोंदिया के लोगो को बालाघाट या वारासिवनी आना होता है तो वह उक्त मार्ग का चयन करते हैं वहीं ग्रामीण व खैरलांजी के लोग भी इसी मार्ग से महाराष्ट्र आवागमन करते हैं। ऐसे में उक्त मार्ग पर काफ ी यातायात का दबाव बना रहता है। इस स्थिति में दुर्घटनाओं के कारण लोगों को चोटिल होना पड़ रहा है। इसके साथ ही उक्त मार्ग पर स्थित करीब आधा दर्जन ग्राम के ग्रामीण वारासिवनी अपने कार्यों के लिए छात्र छात्रायें शिक्षा अध्ययन करने के लिए रोजाना आवागमन करते हैं जिन्हें भी कभी. कभी दुर्घटनाओं का सामना करना पड़ता है। जिनके द्वारा मार्ग निर्माण की मांग की जा रही है ताकि सुरक्षित रूप से वह आना जाना कर सके।
मार्ग के गढ्डों की गिट्टी सडक़ पर फैलने से हो रही भारी परेशानी
यह मार्ग में डामर के उखडऩे से छोटे बड़े गड्ढे निर्मित हो गए हैं जिसके कारण आवागमन में लोगों को काफ ी परेशानी का सामना करना पड़ता है। जिसमें विशेष कर बुजुर्ग व्यक्ति जो साइकिल से आवागमन करते हैं उन्हें गढ्ढो के कारण पैदल चलना होता है। ऐसे में उक्त गढ्ढो को भरने की जरूरत है जहाँ उखड़ी गिट्टी फैली हुई है जो वाहनों की आवाजाही के कारण रोड़ पर फैल गई है। जिसमें एक तो नुकीली गिट्टी है जिससे वाहन पंचर होंगे वहीं गिट्टी पीसकर चूरे के रूप में मार्ग पर फैल गई है जिसके कारण वाहन भी स्लिप हो रहा है। जबकि विभाग को मरम्मत कार्य करवा कर गड्ढों को डामर की चिल्ली से पैक कर देना था।
मार्ग की हालत जर्जर होने से ग्रामीणों में आक्रोश है-टिकेश्वर भगत
ग्रामीण टिकेश्वर भगत ने बताया कि मैं दिनी का रहने वाला हूं यह रोड़ पूरा फू ट गया है जनता के द्वारा जब आना जाना किया जाता है तो वह गिरकर चोटिल भी हो रहे हैं। पूरा रोड़ डैमेज हो गया है एक तरफ से रोड़ उखड़ रही है और दोनों साइड भारी वाहनों की आवाजाही से धस गये हैं और बीच में रोड़ ऊंचा है। यह देखने में गाड़दान के जैसे दिख रही है जो डंपर के आने जाने से खराब हुई है इसे बनाना चाहिए। करीब ४ वर्ष पहले रोड़ बनी थी फि र वैसी ही है पुरी रोड़ खराब है मेंटेनेंस जैसा कुछ भी यहां पर विभाग के द्वारा नहीं किया गया है। जिस कारण से लोगों को खतरा बना हुआ है। आगे मेला भी भरना है दिक्कत और बढ़ेगी मोटर साइकिल स्लिप होगी क्योंकि इधर वारासिवनी से लोग आते हैं तो दूसरे तरफ बालाघाट और महाराष्ट्र के लोग भी यहां आते हैं जिन्हें समस्या का सामना करना पड़ेगा।
इस मार्ग पर आये दिन एक्सीडेंट होते रहते है- शंभू सहारे
ग्रामीण शंभू सहारे ने बताया कि रोड़ की हालत बहुत बेकार है यह ग्राम दीनी से लिंगमारा की तरफ जाता है। जिसमें जगह जगह गड्ढे हो गए हैं आए दिन एक्सीडेंट होते रहते हैं लोगों को दुर्घटनाग्रस्त होना पड़ता है इसमें सबसे बड़ा कारण है कि रोड़ पर रेत और गिट्टी फैली हुई है। इस मार्ग का उपयोग डोंगरगांव, खैरलांजी, वारासिवनी के कई लोग महाराष्ट्र जाने और महाराष्ट्र के कई लोग इधर क्षेत्र में आने के लिए उपयोग करते हैं। परंतु सबसे ज्यादा स्कूल कॉलेज के विद्यार्थी मार्ग का उपयोग करते हैं। यह रोड़ जो है वह छोटा है इसके दोनों साइड में भी जगह नहीं है जिसे व्यवस्थित रूप से बनाया जाना चाहिए।









































